Sunday, June 14, 2026
SGSU Advertisement
Home धर्म बैसाखी समारोह में दिल्‍ली के एलजी संधू का संदेश: युवाओं को दें...

बैसाखी समारोह में दिल्‍ली के एलजी संधू का संदेश: युवाओं को दें मार्गदर्शन, विरासत बचाना हमारी जिम्मेदारी

0
20

नई दिल्ली, 14 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) टीएस संधू मंगलवार को बैसाखी समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बचाने के लिए युवाओं को मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।

एलजी संधू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्‍स पर एक संदेश में कहा, “आज इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में इंटरनेशनल पंजाबी सोसाइटी द्वारा आयोजित वार्षिक बैसाखी समारोह में शामिल होकर मुझे बहुत खुशी हुई।”

उन्होंने कहा, “बैसाखी सिर्फ एक फसल उत्सव से कहीं ज्‍यादा है—यह सहनशक्ति, दृढ़ता और उस अदम्य पंजाबी भावना का एक जीवंत उत्सव है, जिसके तहत पंजाबी लोग जहां भी जाते हैं, वहां समुदाय बनाते हैं।”

एलजी ने कहा, “दिल्ली के ऐतिहासिक ताने-बाने को गढ़ने से लेकर इसके आधुनिक विकास को गति देने तक, व्यापार, उद्योग और निस्वार्थ ‘सेवा’ की भावना में पंजाबी समुदाय का योगदान हमारी राष्ट्रीय राजधानी की पहचान का आधार रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “जैसे-जैसे हम अपनी साझा विरासत का जश्न मना रहे हैं, आइए हम अपनी व्यक्तिगत सफलता को सामूहिक शक्ति में बदलने के अपने संकल्प को फिर से दोहराएं—इसके लिए हमें अपने युवाओं को मार्गदर्शन देना होगा, उभरते उद्यमियों का समर्थन करना होगा, और आने वाली पीढ़ियों के लिए अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बचाकर रखना होगा।”

एलजी संधू ने पोस्‍ट में कहा, “बैसाखी की भावना हमारे हर काम में एकता, करुणा और प्रगति की प्रेरणा देती रहे।”

इससे पहले मंगलवार को, एलजी ने हाल ही में शुरू किए गए दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को एक ‘गेम-चेंजर’ बताया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कॉरिडोर लाखों राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) निवासियों के लिए जीवन को आसान बनाने में ‘प्रगति की एक जीवन-रेखा’ का काम करेगा।

उन्‍होंने एक्‍स पर एक संदेश में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का उद्घाटन भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर के सफर में एक और ऐतिहासिक मील का पत्थर है। 11,868 करोड़ रुपए की यह विशाल परियोजना प्रधानमंत्री के परिवर्तनकारी दृष्टिकोण का एक सशक्त प्रमाण है, जिसे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के गतिशील नेतृत्व में क्रियान्वित किया गया है, और जो नागरिकों को विश्व-स्तरीय कनेक्टिविटी के और करीब लाती है।”