Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति यमुना जल परियोजना को लेकर सीएम भजनलाल का गहलोत पर हमला, बोले-...

यमुना जल परियोजना को लेकर सीएम भजनलाल का गहलोत पर हमला, बोले- वादे किए, लेकिन गंभीर प्रयास नहीं किए

0
5

जयपुर, 30 जून (आईएएनएस)। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने यमुना जल परियोजना के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद जयपुर लौटने पर उनका भव्य स्वागत करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और जनता का आभार जताया। इस दौरान उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वर्षों तक शेखावाटी को यमुना का पानी देने के वादे किए, लेकिन परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए कभी गंभीर प्रयास नहीं किए।

जयपुर एयरपोर्ट से मुख्यमंत्री आवास तक जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने उनका स्वागत किया। विशेष रूप से शेखावाटी क्षेत्र के लोगों ने पुष्पवर्षा, साफा, मालाएं और कलश भेंट कर उनका अभिनंदन किया तथा उन्हें ‘भगीरथ’ की उपाधि देते हुए यमुना का पानी राजस्थान लाने का श्रेय दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 29 जून राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन रहा है। उन्होंने राज्य की 8 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यमुना जल समझौते के लिए बधाई दी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से झुंझुनूं, चूरू और सीकर जिलों को यमुना का पानी मिलेगा, जिससे शेखावाटी क्षेत्र में कृषि, पर्यटन और उद्योग को बढ़ावा मिलेगा तथा रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कांग्रेस पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब राजस्थान और हरियाणा दोनों राज्यों में कांग्रेस की सरकारें थीं, तब भी इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए कोई प्रभावी समन्वय नहीं किया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि हरियाणा कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में यमुना जल समझौते को रद्द करने की बात कही थी और उसी मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी परियोजना के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े करती है।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि उन्होंने राजस्थान विधानसभा में शेखावाटी तक यमुना का पानी पहुंचाने का जो वादा किया था, उसे अब पूरा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार और हरियाणा सरकार के सहयोग से परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाया गया। 17 फरवरी 2024 को एमओयू पर हस्ताक्षर के बाद एक टास्क फोर्स का गठन किया गया और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई।

मुख्यमंत्री के अनुसार, 34,000 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली इस परियोजना के तहत 3.6 मीटर व्यास की पाइपलाइन बिछाकर यमुना का पानी शेखावाटी क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विकास का स्पष्ट रोडमैप तैयार किया है और रामजल सेतु लिंक परियोजना, इंदिरा गांधी नहर परियोजना, गंग नहर, देवास और माही जैसी लंबित जल परियोजनाओं को भी गति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान राजस्थान पेपर लीक, भ्रष्टाचार, गैंग गतिविधियों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों के कारण चर्चा में रहता था, जबकि वर्तमान भाजपा सरकार रोजगार, किसानों के कल्याण और औद्योगिक विकास पर ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के 26 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली मिल रही है और राजस्थान अन्य राज्यों को भी बिजली उपलब्ध करा रहा है।