Sunday, August 9, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय पश्चिमी यमन के मोचा में सऊदी-समर्थित सेनाओं पर मिसाइल और ड्रोन हमला,...

पश्चिमी यमन के मोचा में सऊदी-समर्थित सेनाओं पर मिसाइल और ड्रोन हमला, हूती समूह ने ज‍िम्‍मेदारी

0
5

सना, 9 अगस्त (आईएएनएस)। यमन के हूती समूह ने रविवार को दावा किया कि उसने पश्चिमी यमन के ताइज प्रांत में लाल सागर के किनारे स्थित रणनीतिक बंदरगाह शहर मोचा में सऊदी समर्थित बलों के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमला किया है।

हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी एक बयान में कहा कि इस अभियान के तहत मोचा इलाके में सैनिकों के जमावड़े और हथियारों के गोदामों को बड़ी संख्या में बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया गया।

इस घोषणा से कुछ समय पहले स्थानीय सरकार के एक अधिकारी ने समाचार एजेंसी स‍िन्हुआ को बताया कि हूतियों ने बंदरगाह की ओर कई मिसाइलें दागीं और उनका निशाना बंदरगाह परिसर के अंदर मौजूद ‘नागरिक क्षेत्र’ थे।

मोचा के निवासियों ने सि‍न्हुआ को बताया कि हमले के बाद बंदरगाह की दिशा से कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं और इलाके से धुआं उठता देखा गया।

पश्चिमी यमन के ताइज प्रांत में स्थित मोखा शहर लाल सागर के तट पर बाब-अल-मंदब स्‍ट्रेट के पास है। यह एक बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है, जो लाल सागर को अदन की खाड़ी से जोड़ता है और अंतरराष्ट्रीय जहाजरानी के लिए अहम रास्ता माना जाता है।

स‍िन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, बंदरगाह और इसके आसपास के तटीय इलाकों पर यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थक बलों का नियंत्रण है।

यह हमला ऐसे समय में हुआ है, जब हाल के दिनों में यमन में तनाव तेजी से बढ़ा है। हूती समूह ने पूर्वी प्रांतों मारिब और हद्रामौत में सरकारी बलों के खिलाफ मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं।

रविवार को इससे पहले, हूती समूह ने यह भी दावा किया था कि उसने सऊदी अरब के दक्षिण-पश्चिमी शहर जजान में स्थित सऊदी अरामको की एक रिफाइनरी पर ड्रोन हमला किया है। दोनों पक्षों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

याह्या सरी ने ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि ड्रोन ने रिफाइनरी को निशाना बनाया और इसे उन्होंने ‘सटीक हमला’ बताया।

उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई सऊदी अरब की ओर से सादा और हज्जा प्रांतों के हवाई क्षेत्र में ड्रोन भेजे जाने के जवाब में की गई। ये दोनों प्रांत उत्तरी यमन में हैं और हूतियों के नियंत्रण में हैं। इनकी सीमा सऊदी अरब से लगती है।

हूती समूह ने अपने दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया और न ही हमले से हुए संभावित नुकसान या हताहतों के बारे में कोई जानकारी दी।

दूसरी ओर, सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरामको की औद्योगिक सुरक्षा और अग्निशमन टीमों ने जज़ान स्थित रिफाइनरी की एक इकाई में लगी आग पर काबू पा लिया है। मंत्रालय के अनुसार, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।