ईरान परमाणु हथियार बनाने की सीमा से कुछ हफ्ते दूर, अमेरिकी सीनेटरों ने दी चेतावनी

0
4

वाशिंगटन, 14 मई (आईएएनएस)। अमेरिका की सीनेट आर्म्ड सर्विसेज कमेटी की सुनवाई में अधिकारियों ने चेतावनी दी कि ईरान हथियार बनाने योग्य यूरेनियम संवर्धन से बस कुछ हफ्ते दूर है। ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने सांसदों को बताया कि ईरान 60 फीसदी तक यूरेनियम संवर्धन कर चुका है, जो तकनीकी रूप से हथियार योग्य स्तर के बहुत करीब माना जाता है, इसलिए स्थिति बेहद चिंताजनक है।

बुधवार (स्थानीय समय) को सुनवाई के दौरान सीनेट आर्म्ड सर्विसेज कमेटी के अध्यक्ष रोजर विकर ने कहा कि दुनिया पहले से ज्यादा जटिल और खतरनाक हो गई है, क्योंकि चीन और रूस अपने परमाणु हथियारों का तेजी से विस्तार और आधुनिकीकरण कर रहे हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका की पुरानी मैनहैटन प्रोजेक्ट युग की परमाणु संरचना को आधुनिक बनाने में देरी हो रही है।

ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि अमेरिका का लक्ष्य दुश्मन को रोकने की शक्ति, तत्परता और उत्पादन को मजबूत करना है। उन्होंने दावा किया कि देश सात बड़े हथियार आधुनिकीकरण कार्यक्रम एक साथ चला रहा है और वे तय समय से आगे हैं। उन्होंने कहा, “न्यूक्लियर वार रोकने का सबसे अच्छा तरीका है कि अमेरिका की ताकत पर कोई सवाल न हो।

डेमोक्रेट सांसद जैक रिड ने कहा कि खाड़ी क्षेत्र में तनाव और संघर्ष के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ी हैं और अमेरिकी परिवारों पर आर्थिक बोझ पड़ा है।

जैक रीड ने कहा कि सार्वजनिक रिपोर्टों के अनुसार ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण ईंधन की कीमतें बढ़ गई हैं, जिससे अमेरिका के लोगों को कुल मिलाकर लगभग 37 अरब डॉलर का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ा है। इस खर्च को जब औसत परिवारों में बांटा जाता है, तो यह लगभग हर घर पर करीब 289 डॉलर का बोझ पड़ता है।

सांसदों ने यह भी सवाल उठाया कि क्या अमेरिका फिर से परमाणु परीक्षण शुरू करेगा, जिस पर अधिकारियों ने कहा कि हथियारों की विश्वसनीयता जांचने के लिए विस्फोटक परीक्षण की जरूरत नहीं है, क्योंकि आधुनिक तकनीकों से लगातार परीक्षण किए जा रहे हैं।

ब्रैंडन विलियम्स ने बताया कि अमेरिका हर साल 1000 से अधिक गैर विस्फोटक परीक्षण करता है।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ऊर्जा सुरक्षा भविष्य में परमाणु सुरक्षा और रक्षा प्रणाली का महत्वपूर्ण हिस्सा होंगे और इसके लिए भारी निवेश किया जा रहा है।

सुनवाई में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और ऊर्जा सुरक्षा भी प्रमुख विषय रहे। अधिकारियों ने बताया कि परमाणु सुरक्षा और हथियार प्रणालियों में एआई के लिए लगभग 600 मिलियन डॉलर खर्च किए जाएंगेसांसदों ने यह भी कहा कि बढ़ती ऊर्जा मांग के कारण भविष्य में परमाणु ऊर्जा अमेरिका की ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।