SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय आईआरजीसी का दावा: अमेरिकी हमले के जवाब में कुवैत, जॉर्डन और इराक...

आईआरजीसी का दावा: अमेरिकी हमले के जवाब में कुवैत, जॉर्डन और इराक में सैन्‍य ठिकानों को बनाया निशाना

0
7

तेहरान, 2 सितंबर (आईएएनएस)। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने बुधवार को दावा किया कि उसने कुवैत में स्थित अमेरिकी ‘अली अल-सलेम’ एयर बेस, जॉर्डन में अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के एक सैन्य शिविर और इराक में एक अमेरिकी निगरानी प्रणाली को निशाना बनाकर हमले किए हैं।

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, आईआरजीसी ने एक बयान में कहा कि उसने कुवैत के अली अल-सलेम बेस में अमेरिकी कमांडर के आवासीय क्षेत्र और कमांड पोस्ट को सफलतापूर्वक निशाना बनाया।

ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम समाचार एजेंसी के मुताबिक, आईआरजीसी ने कहा कि यह कार्रवाई उसके अली अल-सलेम बेस के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा थी और इससे यह साबित होता है कि उसके पास क्षेत्र में अमेरिकी गतिविधियों से जुड़ी व्यापक खुफिया जानकारी मौजूद है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी आईआरएनए के अनुसार, आईआरजीसी ने कहा कि उसने जॉर्डन में अकाबा की खाड़ी के पास स्थित अमेरिकी मरीन बेस कैंप टिटियन पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। आईआरजीसी का कहना है कि यह कार्रवाई ईरान के सिरिक क्षेत्र में एक शादी समारोह पर हुए कथित अमेरिकी हमले के जवाब में की गई।

बयान के अनुसार, इस हमले में कई सैन्य सुविधाएं और हेलीकॉप्टर नष्ट हो गए तथा अमेरिकी बलों को भारी नुकसान हुआ।

आईआरजीसी ने दावा किया कि उसने इराक के एरबिल में स्थित एक अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मौजूद सर्विलांस बैलून नियंत्रण प्रणाली को नष्ट कर दिया।

आईआरएनए के मुताबिक, आईआरजीसी की जमीनी सेना ने एरबिल स्थित अमेरिकी ठिकानों पर हमला कर एक रखरखाव केंद्र और तकनीकी उपकरणों के गोदामों को भी नष्ट कर दिया। संगठन ने दावा किया कि इस कार्रवाई में कई अमेरिकी कर्मी मारे गए और ईंधन भंडारण सुविधाओं में आग लग गई।

इस बीच, ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने बुधवार को कहा कि सिरिक में एक घर पर हुए अमेरिकी हमले में, जहां शादी समारोह चल रहा था, 50 से अधिक लोग मारे गए या घायल हुए।

उन्होंने ‘एक्‍स’ पर लिखा, “ईरान के खिलाफ अमेरिका के अत्याचारों की सूची अब पूरी हो गई है। सिरिक के कुहेस्तक इलाके में एक घर पर उस समय हमला किया गया जब परिवार शादी का जश्न मना रहे थे। 50 से अधिक निर्दोष पुरुष, महिलाएं और बच्चे मारे गए या घायल हुए हैं।”