SGSU Advertisement
Home राजनीति कुलगाम में आतंकियों की तलाश तेज, डीजीपी और आईजीपी ने घटनास्थल का...

कुलगाम में आतंकियों की तलाश तेज, डीजीपी और आईजीपी ने घटनास्थल का दौरा किया

0
1

श्रीनगर, 15 नवंबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में रविवार को संयुक्त बलों ने एक विशेष ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात और कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) सुजीत कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे।

11 नवंबर को कुलगाम जिले के मीर बाजार के पास अखरान इलाके में दो आतंकवादियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के तीन जवानों पर फायरिंग की थी, जिसमें वे घायल हो गए थे।

इसके बाद से सुरक्षा बल कुलगाम और आसपास के जिलों में बड़े पैमाने पर ऑपरेशन चला रहे हैं।

हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों को पकड़ने के लिए कई जगहों पर विशेष नाके और बैरिकेड लगाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि रविवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के मीर बाजार में जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने एक विशेष संयुक्त ‘घेराबंदी और तलाशी अभियान’ (सीएएसओ) शुरू किया।

अधिकारियों ने आगे बताया कि डीजीपी नलिन प्रभात और आईजीपी (कश्मीर जोन) सुजीत कुमार, अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ, खुद मौके पर मौजूद हैं और ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।

यह ऑपरेशन जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जा रहा है।

11 नवंबर को कुलगाम में हुए हमले के 24 घंटे के भीतर ही, आतंकवादियों ने जिले के पहाड़ी इलाके में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) बाबी चंद और यशपाल कुमार की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वे उस समय सेना की एक चौकी (पिकेट) की ओर जा रहे थे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और जम्मू-कश्मीर में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा तथा किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने शनिवार को मारे गए एसपीओ के परिवारों से मुलाकात की।

दोनों ने उन पुलिस अधिकारियों की कड़ी आलोचना की, जिन्होंने इन दो एसपीओ को आतंकवादियों की मौजूदगी की खबरों के बावजूद, केवल एक .303 राइफल और एक इंसास राइफल के साथ उस दूरदराज के इलाके में जाने का आदेश दिया था।

विपक्ष के नेता शर्मा ने मांग की है कि दूरदराज के इलाके में स्थित कायरा डचन में 40 लोगों की सुरक्षा टुकड़ी और गुज्जर कोठा में एसओजी टुकड़ी को तुरंत बहाल किया जाए।