Wednesday, June 3, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति भाजपा ने कर्नाटक सरकार पर लगाया किसानों का 1,611 करोड़ रुपए का...

भाजपा ने कर्नाटक सरकार पर लगाया किसानों का 1,611 करोड़ रुपए का भुगतान रोकने का आरोप

0
3

बेंगलुरु, 3 जून (आईएएनएस)। कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता और भाजपा के वरिष्ठ नेता आर. अशोक ने बुधवार को कांग्रेस सरकार पर केंद्र की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) योजना के तहत रागी बेचने वाले किसानों को बकाया भुगतान जारी करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

आर. अशोक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने पूरे कर्नाटक में एक लाख से ज्यादा किसानों को दिए जाने वाले 1,611 करोड़ रुपए के भुगतान को रोक रखा है। यह देरी ऐसे अहम समय पर हुई है, जब मानसून का मौसम शुरू हो चुका है और किसान बुवाई के काम के लिए अपने खेतों को तैयार कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि एक तरफ किसान खेती के लिए तैयार हो रहे हैं। दूसरी तरफ उन्हें अपनी कड़ी मेहनत से कमाए पैसे पाने के लिए कांग्रेस सरकार का दरवाजा खटखटाने पर मजबूर होना पड़ रहा है।

भाजपा नेता आर. अशोक के मुताबिक, एमएसपी योजना के तहत बकाया भुगतानों में तुमकुरु जिले के 34,543 किसानों के 370 करोड़ रुपए, हासन के 29,090 किसानों के 320 करोड़ रुपए, मैसूर के 16,659 किसानों के 179 करोड़ रुपए, चिक्कमगलुरु के 14,297 किसानों के 169 करोड़ रुपए और मांड्या के 11,521 किसानों के 126 करोड़ रुपए शामिल हैं।

भाजपा नेता ने सरकार की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसके पास बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों, दिल्ली के लिए चार्टर्ड उड़ानों और पार्टी आलाकमान को खुश करने वाली गतिविधियों के लिए पैसे हैं, वहीं वह किसानों के बकाया भुगतान को चुकाने में नाकाम रही है।

उन्होंने दावा किया कि बुवाई के मौसम से पहले किसानों को अब अपनी जमीन तैयार करने, बीज खरीदने और खाद का इंतजाम करने के लिए कर्ज लेने पर मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसकी वजह न तो कुदरत है और न ही सूखा, बल्कि कांग्रेस सरकार का दिवालिया प्रशासन है।

आर. अशोक ने सरकार पर किसानों का भुगतान रोककर उनकी आजीविका के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया और चेतावनी दी कि यदि बकाया राशि तुरंत जारी नहीं की गई, तो भाजपा किसानों के साथ मिलकर पूरे राज्य में विरोध-प्रदर्शन शुरू करेगी।

उन्होंने मांग की कि कर्नाटक सरकार तुरंत लंबित 1,611 करोड़ रुपए जारी करे। उन्होंने इसस बात पर भी जोर दिया कि जिस भी सरकार ने किसानों के साथ अन्याय किया है, वह लंबे समय तक राजनीतिक रूप से टिक नहीं पाई है।

कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता ने राज्य मंत्रिमंडल के विस्तार में हो रही देरी को लेकर कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाए और आरोप लगाया कि आंतरिक सत्ता संघर्ष और आगामी राज्यसभा चुनावों को लेकर चिंताओं के कारण यह प्रक्रिया अटकी हुई है।

आर. अशोक ने निवर्तमान मुख्यमंत्री सिद्दारमैया पर भी तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि उन्होंने पद छोड़ने और नेतृत्व डीके शिवकुमार को सौंपने से पहले राज्य को गंभीर वित्तीय संकट में छोड़ दिया। उन्होंने यह भी कहा कि सिद्दारमैया के अब सारे प्रयास अपने बेटे के लिए कोई बड़ा पद हासिल करने पर केंद्रित हैं।