बेंगलुरु, 22 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक पुलिस ने बेंगलुरु के बाहरी इलाके में सामने आए चर्चित सूटकेस मर्डर केस का खुलासा करते हुए 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गगन के रूप में हुई है, जो चल्लाघट्टा का रहने वाला है।
दक्षिण-पश्चिम डिवीजन की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अनीता हड्डनावर ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने सड़ी-गली अवस्था में मिले बुजुर्ग महिला के शव की पहचान करने के बाद 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने कहा कि पुलिस अभी वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। मामले की जांच जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी मृतका का पड़ोसी है। वह कथित तौर पर जुए का आदी था और उस पर भारी कर्ज था।
आरोप है कि पैसे हासिल करने के लिए उसने महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी, उसके सोने के आभूषण लूट लिए और शव को सूटकेस में भरकर झील में फेंक दिया।
हालांकि, हत्या से पहले की पूरी घटनाक्रम की पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है।
मृतका की पहचान 61 वर्षीय जयम्मा के रूप में हुई है, जो चल्लाघट्टा की रहने वाली थीं।
मंगलवार को उनका शव एक सूटकेस में बंद हालत में रामोहल्ली झील से बरामद किया गया था। यह क्षेत्र बेंगलुरु के दक्षिण-पश्चिम डिवीजन के अंतर्गत आने वाले कुंबलगोडु पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने झील में एक सूटकेस तैरता हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सूटकेस बाहर निकाला तो उसके अंदर एक महिला का शव मिला।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि शव को दो से तीन दिन पहले झील में फेंका गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतका की पहचान जयम्मा के रूप में की। उनके बेटे जयशंकर ने 16 जुलाई को मां के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में जयशंकर ने बताया था कि जयम्मा उनके परिवार के साथ चल्लाघट्टा में रहती थीं, जबकि उनके पिता बोरे गौड़ा अलग से राजाजीनगर में रहते हैं।
उन्होंने पुलिस को बताया था कि 16 जुलाई को दोपहर करीब 3:30 बजे जयम्मा घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिवार ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
शव मिलने के बाद डीसीपी अनीता हड्डनावर समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने जयम्मा की हालिया गतिविधियों, उनके संपर्कों और हत्या के संभावित कारणों की जांच की। साथ ही फॉरेंसिक साक्ष्यों और उन क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का भी विश्लेषण किया गया, जहां वह लापता होने से पहले गई थीं। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

