हैदराबाद, 23 जुलाई (आईएएनएस)। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव ने गुरुवार को कहा कि वह तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को कानूनी नोटिस भेजेंगे। यह नोटिस उन आरोपों के संबंध में होगा, जिनमें उन्हें इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजों में गड़बड़ी से जुड़ी एक कंपनी से जोड़ा गया था।
पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री से कहा कि वे अपने आरोपों के लिए माफी मांगें, वरना कानूनी कार्रवाई का सामना करें।
बीआरएस नेता ने साफ किया कि उनका या उनके परिवार का ‘ग्लोबरेना’ से कोई संबंध नहीं है।
रामा राव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री को अपने कार्यकाल में कम से कम एक बार तो मुख्यमंत्री की तरह काम करना चाहिए।
केटी रामा राव ने कहा कि पेपर लीक जैसी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर फर्जी खबरें फैलाना घिनौना है, और यह आपके पद को बदनाम करने वाला है। अपने सस्ते एजेंडे के लिए इसका इस्तेमाल न करें।
केटी रामा राव ने कहा कि मैं एक बार फिर दोहराता हूं, बीआरएस, मेरे परिवार या मेरे ‘ग्लोबरेना’ से कोई लेना-देना नहीं है। मेरी कानूनी टीम जल्द ही आपको एक नोटिस भेज रही है, जिसमें या तो माफी मांगने या कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए कहा जाएगा। मिस्टर ‘चीप मिनिस्टर’ (सस्ते मुख्यमंत्री), ज्यादातर समय मैं आपके भद्दे और बेबुनियाद आरोपों का जवाब नहीं देता क्योंकि वे शुरू से ही बेतुके होते हैं। मेरी खामोशी का मतलब यह नहीं है कि मैं आपसे सहमत हूं। बस मुझे कीचड़ में कुश्ती करना पसंद नहीं है।
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने केटी रामा राव पर यह आरोप तब लगाया जब वे बुधवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र कोडंगल में एक रैली को संबोधित कर रहे थे। यह रैली नीट प्रश्न पत्र लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास के सामने विरोध प्रदर्शन के दौरान नई दिल्ली में राहुल गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की हिरासत के विरोध में आयोजित की गई थी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि 2019 में, जब तेलंगाना में बीआरएस सत्ता में थी, तो ग्लोबारेना ने इंटरमीडिएट परीक्षा के नतीजों में गड़बड़ी की, जिससे 27 छात्रों की जान चली गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि ग्लोबारेना, केटी रामा राव से जुड़ी एक प्रॉक्सी कंपनी थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि केटी रामा राव ने राजनीतिक दबाव के कारण ग्लोबारेना को यह प्रोजेक्ट दिया, जबकि कंपनी के पास जरूरी अनुभव और योग्यता नहीं थी।
सीएम रेवंत रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस पार्टी के सत्ता में आने के बाद, ग्लोबारेना ने खुद को ‘कोएम्प्ट एजुकेशन’ के तौर पर रीब्रांड किया और केंद्र सरकार से संपर्क किया। उन्होंने आरोप लगाया कि केटी रामा राव ने दिल्ली में भाजपा नेतृत्व के जरिए उन्हें कॉन्ट्रैक्ट दिलाने में मदद की।

