नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके से 26 साल के एक व्यक्ति को 13.37 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया है। उस पर 10 से ज्यादा अलग-अलग आपराधिक मामलों में शामिल होने का आरोप है।
पुलिस ने बताया कि कलंदर कॉलोनी, दिलशाद गार्डन के रहने वाले वसीम (उर्फ वासीम) नाम के आरोपी को तब हिरासत में लिया गया, जब 25 सितंबर को कलंदर कॉलोनी इलाके में गश्त के दौरान पुलिस को उसके पास से एक बैग मिला जिसमें 13.37 ग्राम स्मैक थी।
पुलिस के अनुसार, सब-इंस्पेक्टर विजय मीणा, हेड कॉन्स्टेबल प्रवेश और शैलेंद्र के साथ कलंदर कॉलोनी में पिपलेश्वर मंदिर के पास गश्त कर रहे थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को संदिग्ध हरकत करते देखा। पुलिसकर्मियों को देखकर वसीम ने कथित तौर पर मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन थोड़ी देर पीछा करने के बाद पुलिस गश्ती दल ने उसे पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि सीमापुरी पुलिस स्टेशन में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 21 के तहत उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने वसीम को सीमापुरी पुलिस स्टेशन का ‘बैड कैरेक्टर’ बताया और कहा कि वह पहले भी लूटपाट, झपटमारी, आर्म्स एक्ट, एक्साइज एक्ट, गैंबलिंग एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े 10 से ज्यादा मामलों में शामिल रहा है।
पुलिस ने कहा कि बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत और उसे कहां पहुंचाया जाना था, इसका पता लगाने के साथ-साथ आरोपी की अन्य आपराधिक गतिविधियों में कथित संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह ऑपरेशन एसएचओ इंस्पेक्टर सतविंदर राणा, एसीपी मुकेश कुमार और शाहदरा डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा की देखरेख में चलाया गया।
इसी तरह की एक घटना में, शनिवार को रंजीत नगर पुलिस स्टेशन के पेट्रोलिंग टीम ने शादीपुर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के पास एक 30 वर्षीय व्यक्ति को 1,026.8 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया। रंजीत नगर पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया गया।
