SGSU Advertisement
Home मनोरंजन भजन सुनने वालों की संख्या बढ़ाने के लिए जरूरी है मेनस्ट्रीम म्यूजिक:...

भजन सुनने वालों की संख्या बढ़ाने के लिए जरूरी है मेनस्ट्रीम म्यूजिक: मीत ब्रदर्स

0
1

मुंबई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। म्यूजिक कंपोजर जोड़ी मीत ब्रदर्स ने भक्ति संगीत को नए अंदाज में पेश करने की अपनी कोशिश के बारे में बात की। मनमीत और हरमीत सिंह ने बताया कि कैसे पारंपरिक भक्ति भाव को मेनस्ट्रीम म्यूजिक के साथ जोड़कर ऐसे गाने तैयार किए जा सकते हैं, जिन्हें सिर्फ भजन सुनने वाले ही नहीं, बल्कि आम संगीत प्रेमी भी पसंद करें।

इसी कड़ी में दोनों ने अपने नए गाने ‘राम सिया राम’ के जरिए भगवान राम और माता सीता की भक्ति को संगीत के अलग अंदाज में पेश किया है।

आईएएनएस को दिए खास इंटरव्यू में मनमीत और हरमीत सिंह यानी मीत ब्रदर्स ने अपने नए भक्ति गीत ‘राम सिया राम’ के बारे में बात की। इस दौरान उन्होंने बताया कि वे पहले भी कई भक्ति गीत बना चुके हैं। इनमें फिल्म ‘ओएमजी: ओह माय गॉड!’ का गाना ‘मेरे निशान’ भी शामिल है।

मीत ब्रदर्स ने कहा, ”हमने पहले भी कई भक्ति गीत कंपोज किए हैं। इनमें फिल्म ‘ओएमजी: ओह माय गॉड!’ का गाना ‘मेरे निशान’ भी शामिल है। यह पूरी तरह भक्ति भाव से जुड़ा गाना था, लेकिन इसका म्यूजिक मेनस्ट्रीम अंदाज में था। इसकी वजह यह है कि समाज में एक ऐसा वर्ग है जो धार्मिक और भक्ति संगीत से काफी जुड़ा हुआ है। उन्हें वैसे ही भजन सुनना पसंद है, जैसे सालों से गाए जाते रहे हैं।”

उन्होंने आगे कहा, ”बाकी लोग जरूरी नहीं कि भजन या आध्यात्मिक और धार्मिक गाने सुनने में दिलचस्पी रखते हों। अगर हम चाहते हैं कि वे भी कोई ऐसा गाना सुनें, उसके साथ थोड़ा मंत्र जाप करें, भक्ति भाव महसूस करें या सिर्फ उसके म्यूजिक का आनंद लें, तो उसे मेनस्ट्रीम अंदाज में बनाना बेहतर होता है। ऐसा म्यूजिक ज्यादा लोगों को अपनी ओर खींचता है। इससे भक्ति संगीत को नए श्रोता मिलते हैं और यह जॉनर ज्यादा लोगों तक पहुंच पाता है।”

अपने नए गाने ‘राम सिया राम’ के बारे में बात करते हुए मनमीत और हरमीत ने कहा कि उनके लिए संगीत हमेशा लोगों से भावनाओं के जरिए जुड़ने का एक जरिया रहा है। भक्ति संगीत उनके लिए खास जगह रखता है, क्योंकि यह इंसान को किसी गहरे भाव से जोड़ता है।

उन्होंने कहा, ”’राम सिया राम’ बनाते समय हमारा मकसद ऐसी धुन तैयार करना था, जिसमें राम और सिया की कहानी की पवित्रता और हमेशा बनी रहने वाली खूबसूरती हो। साथ ही, हम इसे ऐसे म्यूजिक अंदाज में पेश करना चाहते थे, जिससे आज के दौर के लोग भी आसानी से जुड़ सकें।”

उन्होंने आगे कहा, ”कुमार विश्वास के लिखे शब्दों ने हमारे इस विचार को खूबसूरती से गीत का रूप दिया। इससे यह अनुभव हमारे लिए और भी खास बन गया। हमें उम्मीद है कि यह गाना लोगों के दिलों को छुएगा और हर उम्र के लोग इसके जरिए आस्था, प्रेम और भक्ति की खूबसूरती को महसूस कर पाएंगे।”

‘राम सिया राम’ में मीत ब्रदर्स और पीयूष मेहरोलिया की आवाज सुनने को मिल रही है। यह गाना भगवान राम और माता सीता को समर्पित है। इसे जी म्यूजिक कंपनी ने अपने यूट्यूब चैनल ‘जी म्यूजिक डिवोशनल’ पर रिलीज किया है। इसके अलावा, यह गाना अलग-अलग ऑडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध है।