Friday, June 5, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय किर्गिस्तान दौरे पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राष्ट्रपति सादिर झापारोव...

किर्गिस्तान दौरे पर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राष्ट्रपति सादिर झापारोव से की मुलाकात

0
5

बिश्केक, 5 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शुक्रवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में साद्यर झापारोव से मुलाकात की। नित्यानंद राय शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों के आंतरिक मामलों और सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रियों की परिषद की बैठक में भाग लेने के लिए किर्गिस्तान पहुंचे हैं।

किर्गिस्तान स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधिमंडलों के प्रमुखों के साथ किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सादिर झापारोव से शिष्टाचार भेंट की।

यह बैठक 4 से 6 जून तक बिश्केक में आयोजित हो रही एससीओ सदस्य देशों के आंतरिक मामलों और सार्वजनिक सुरक्षा मंत्रियों की परिषद की बैठक के दौरान हुई, जिसकी अध्यक्षता इस वर्ष किर्गिस्तान कर रहा है।

नित्यानंद राय गुरुवार को बिश्केक पहुंचे थे, जहां उनका स्वागत किर्गिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री उलान नियाज़बेकोव और भारत के राजदूत बिरेंदर सिंह यादव ने मानस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किया।

किर्गिस्तान वर्ष 2025-26 के लिए एससीओ की अध्यक्षता कर रहा है। राष्ट्रपति सादिर झापारोव ने अपनी अध्यक्षता का विषय “एससीओ के 25 वर्ष : सतत शांति, विकास और समृद्धि की दिशा में साथ-साथ” निर्धारित किया है।

गौरतलब है कि अप्रैल में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी एससीओ रक्षा मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए किर्गिस्तान गए थे।

शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना 15 जून 2001 को हुई थी। इसके संस्थापक सदस्य चीन, रूस, कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान थे। वर्ष 2017 में भारत और पाकिस्तान संगठन में शामिल हुए, जबकि 2023 में ईरान और 2024 में बेलारूस को सदस्यता मिली। वर्तमान में एससीओ के 10 सदस्य देश हैं।

संगठन के दो पर्यवेक्षक देश अफगानिस्तान और मंगोलिया हैं, जबकि 14 संवाद साझेदार देशों में नेपाल, तुर्की, श्रीलंका, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात और कुवैत समेत अन्य देश शामिल हैं।

पिछले महीने भारत के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार पवन कपूर ने भी बिश्केक में आयोजित एससीओ सुरक्षा परिषद सचिवों की 21वीं बैठक में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्होंने ईरान और किर्गिस्तान के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ द्विपक्षीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की थी।