कोयंबटूर, 18 मई (आईएएनएस)। तमिलनाडु के मशहूर ‘फ्लावर फेस्टिवल’ की सोमवार से शुरुआत हो गई है। इसमें फूलों की सजावट, विरासत पर आधारित कलाकृतियां देखने को मिलेगी। अगले 11 दिनों में हजारों पर्यटकों के यहां आने की संभावना है।
नीलगिरी जिले के सरकारी बॉटनिकल गार्डन में आयोजित ‘फ्लावर फेस्टिवल’, ऊटी के गर्मियों के उत्सवों का मुख्य आकर्षण है। इस फेस्टिवल में देशभर और विदेशों से आने वाले पर्यटक पहुंच रहे हैं।
इस साल के चुनावी कार्यक्रम की वजह से केवल कुछ चुनिंदा कार्यक्रम ही आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें ऊटी में रोज शो और फ्लावर शो और कुन्नूर में फ्रूट शो शामिल हैं।
ऊटी के सरकारी रोज गार्डन में 14 मई से रोज शो चल रहा है, जिसमें लगभग दो लाख गुलाबों का इस्तेमाल करके शानदार सजावट की गई है। चिड़िया के आकार की फूलों की एक कलाकृति सैलानियों के बीच मुख्य आकर्षण बनकर उभरी है।
सरकारी बॉटनिकल गार्डन में 128वां ऐतिहासिक फ्लावर शो 28 मई तक चलेगा और इसका उद्घाटन नीलगिरी की जिला कलेक्टर लक्ष्मी भव्य ने की। इस साल की प्रदर्शनी में फूलों वाले पौधों और बीजों की कई नई किस्में शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग देशों से मंगाया गया है। इस कार्यक्रम के लिए खास तौर पर जेरेनियम, साइक्लोपिन, बालसम, सजावटी कैलिक्स, ओरिएंटल लिली, पैंसी, गेंदा, जिनिया और टेलमुनियम जैसी प्रजातियों को उगाया गया है।
बॉटनिकल गार्डन के अलग-अलग हिस्सों में लगभग दस लाख फूलों के पौधे लगाए गए हैं। पूरे परिसर में अलग-अलग रंगों के फूलों वाले 50,000 से ज्यादा गमले सजाए गए हैं।
प्रदर्शनी में 26 फूलों की कलाकृतियां भी शामिल हैं, जो ऊटी माउंटेन रेलवे इंजन, मामल्लपुरम मंदिर और तिरुवरूर मंदिर के रथ जैसे मशहूर स्थलों और सांस्कृतिक प्रतीकों को दर्शाती हैं।
अधिकारियों ने नीलगिरी जिले में स्थानीय अवकाश घोषित कर दिया है और 200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है जबकि पर्यटकों के लिए विशेष परिवहन सेवाओं की व्यवस्था की गई है।

