Thursday, July 9, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन जीनत अमान के सुपरहिट गीतों पर देर रात तक झूमी ‘मडगांव फाइल्स’...

जीनत अमान के सुपरहिट गीतों पर देर रात तक झूमी ‘मडगांव फाइल्स’ की टीम, पल्लवी जोशी ने सुनाया यादगार किस्सा

0
4

मुंबई, 9 जुलाई (आईएएनएस)। अभिनेत्री पल्लवी जोशी अक्सर अपने काम और अनुभवों को लेकर खुलकर बात करती दिखाई देती हैं। इस बार उन्होंने आईएएनएस से बातचीत के दौरान दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान से जुड़ा एक किस्सा सुनाया। पल्लवी जोशी बताया कि जब जीनत अमान ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने 50 साल पूरे किए थे, तब ‘मडगांव फाइल्स’ के सेट पर पूरी टीम ने उनके लिए एक खास सरप्राइज रखा था।

पल्लवी जोशी ने बताया कि उस समय ‘मडगांव फाइल्स’ की शूटिंग गुजरात के वडोदरा में चल रही थी। फिल्म के निर्देशक कपिल शर्मा ने जीनत अमान के फिल्मी सफर के 50 साल पूरे होने पर उनके लिए एक खास केक मंगवाया था, ताकि पूरी टीम मिलकर उनकी इस उपलब्धि का जश्न मना सके।

पल्लवी ने कहा, ”शुरुआत में यह सिर्फ केक काटने का एक छोटा-सा कार्यक्रम था, लेकिन कुछ ही देर बाद माहौल पूरी तरह बदल गया। सेट पर मौजूद किसी सदस्य ने जीनत अमान के पुराने सुपरहिट गाने बजाने शुरू कर दिए। फिर क्या था, वहां मौजूद सभी कलाकार और खासकर महिला कलाकार उन गानों पर थिरकने लगीं। देखते ही देखते पूरा सेट जीनत अमान की फिल्मों और उनके यादगार गीतों के रंग में रंग गया।”

पल्लवी ने कहा, ”उस शाम पूरी टीम को जीनत अमान के शानदार करियर का असली एहसास हुआ। सभी जानते थे कि जीनत अमान ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया है, लेकिन जब लगातार उनके गाने बजने लगे तो महसूस हुआ कि उन्होंने हिंदी सिनेमा को कितने बेहतरीन गीत और अलग-अलग तरह के किरदार दिए हैं।’

उन्होंने कहा, ”हमें पहले से पता था कि जीनम अमान के कई शानदार गाने हैं, लेकिन जब एक के बाद एक उनके गाने बजे तो लगा कि उन्होंने कितने अलग-अलग किरदार निभाए हैं और कितनी यादगार फिल्मों का हिस्सा रही हैं। तभी उनकी उपलब्धियों का सही मायने में एहसास हुआ।”

उस शाम को याद करते हुए पल्लवी ने कहा, ”शूटिंग खत्म होने के बाद भी किसी का वहां से जाने का मन नहीं था। सभी कलाकार देर रात तक जीनत अमान के गानों पर डांस करते रहे। वह शाम आज भी हमारी सबसे प्यारी यादों में शामिल है और जब भी मैं उस पल को याद करती हूं, मेरे चेहरे पर मुस्कान आ जाती है।”

जीनत अमान हिंदी सिनेमा की उन चुनिंदा अभिनेत्रियों में शामिल हैं, जिन्होंने 1970 और 1980 के दशक में अपनी अलग पहचान बनाई।

जीनत अमान ने ‘हरे रामा हरे कृष्णा’, ‘यादों की बारात’, ‘रोटी कपड़ा और मकान’, ‘डॉन’, ‘सत्यम शिवम सुंदरम’, ‘कुर्बानी’, ‘दोस्ताना’ और ‘इंसाफ का तराजू’ जैसी कई यादगार फिल्मों में अभिनय किया।