Tuesday, July 21, 2026
SGSU Advertisement
Home मनोरंजन पंकज त्रिपाठी की ‘ओह माय डॉग’ में दिखेगा इंसान और डॉग का...

पंकज त्रिपाठी की ‘ओह माय डॉग’ में दिखेगा इंसान और डॉग का खास रिश्ता, बोले- ‘यह कहानी दिल को छू लेने वाली है’

0
10

मुंबई, 21 जुलाई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी अपनी दमदार एक्टिंग के लिए जाने जाते हैं। अब वह अपनी आने वाली फिल्म ‘ओह माय डॉग’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के मौके पर पंकज त्रिपाठी ने बताया कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि इंसान और डॉगी के बीच बने भावनात्मक रिश्ते को दिखाने वाली कहानी है।

फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान पंकज त्रिपाठी ने बताया कि जब निर्देशक अमित राय उनके पास इस फिल्म की कहानी लेकर आए तो उन्होंने तुरंत हामी भर दी।

अभिनेता ने कहा, ”मैंने इससे पहले अमित राय के साथ फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ में काम किया था। जब अमित ने ‘ओह माय डॉग’ की कहानी सुनाई तो मुझे यह बेहद खास लगी। मैंने अमित से कहा कि मैं फिल्म करूंगा, चाहे मेरा किरदार कुछ भी हो। इंसान और डॉगी के बीच का रिश्ता बहुत अनोखा होता है। एक पालतू जानवर अपने मालिक से बिना किसी शर्त के प्यार करता है। वह सिर्फ साथ नहीं देता, बल्कि परिवार का हिस्सा बन जाता है। यह इसी खूबसूरत भावना को दिखाने वाली फिल्म है।”

निर्देशक अमित राय ने भी ट्रेलर लॉन्च के मौके पर फिल्म की कहानी को लेकर अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा, ”मेरा उद्देश्य ऐसी कहानी बनाना था, जिससे हर परिवार जुड़ सके। बच्चे और डॉग्स के बीच की दोस्ती दुनिया के सबसे साफ और प्यारे रिश्तों में से एक होती है। इस फिल्म के जरिए मैं दर्शकों को हंसाना भी चाहता हूं और भावुक भी करना चाहता हूं। मुझे उम्मीद है कि फिल्म देखने के बाद लोगों के मन में जानवरों के प्रति ज्यादा प्यार और संवेदनशीलता पैदा होगी।”

‘ओह माय डॉग’ की कहानी एक छोटे बच्चे और एक डॉग के बीच बनने वाली खास दोस्ती पर आधारित है। फिल्म में दिखाया जाएगा कि कैसे एक जानवर और इंसान के बीच का रिश्ता जिंदगी को बदल सकता है।

इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी के अलावा माही राय, गीता अग्रवाल शर्मा, राजेश कुमार, पवन मल्होत्रा और विजय मिश्रा जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म में ऑस्कर और ब्रूनो नाम के डॉग्स भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। खास बात यह है कि फिल्म में 250 से ज्यादा डॉग्स को शामिल किया गया है।

फिल्म का निर्माण अमित राय, राजेश भारद्वाज और सना वारसी ने किया है। इसे बाबूलाल बाइस्कोप और थिंकिंग हैट्स एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया गया है।

फिल्म 31 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।