फ्रांस वेकेशन में ऋतिक रोशन और राकेश रोशन के साथ नजर आईं सबा आजाद

0
6

मुंबई, 11 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री सबा आजाद को ऋतिक रोशन के साथ फ्रांस यात्रा पर देखा गया। इस यात्रा में ऋतिक के माता-पिता राकेश रोशन और पिंकी रोशन भी मौजूद थे।

सबा आजाद अपने बॉयफ्रेंड ऋतिक रोशन के साथ उनके परिवार की फ्रांस ट्रिप में शामिल हुईं।

सोमवार दोपहर ऋतिक रोशन ने अपने फैंस को फैमिली वेकेशन की झलक दिखाई। उन्होंने मदर्स डे के मौके पर अपने परिवार के साथ एक खास पोस्ट शेयर किया।

ऋतिक ने एक खुशहाल फैमिली फोटो शेयर की, जिसमें उनके पिता राकेश रोशन, मां पिंकी रोशन, बहन सुनैना रोशन और गर्लफ्रेंड सबा आजाद भी नजर आईं।

फोटो में पूरा रोशन परिवार और सबा फ्रांस की खूबसूरत जगह पर एक बड़े पेड़ के नीचे पोज देते दिख रहे हैं।

ऋतिक ने पोस्ट के कैप्शन में लिखा, ”फ्रांस में हमें एक पेड़ मिला जिसका नाम ‘ओंब्रे दे मेमन’ है। इसका मतलब ‘मां की छाया’ होता है। मदर्स डे की शुभकामनाएं। उस छाया, ताकत और प्यार को सलाम जो हमेशा हमारे साथ रहता है।”

उन्होंने आगे लिखा कि इससे पहले कि फ्रांस के लोग मेरे पीछे पड़ जाएं, मैं बता देता हूं कि मैं मजाक कर रहा हूं। हम बस पेड़ों से प्यार करने वाले परिवार हैं।

ऋतिक और सबा के रिश्ते की चर्चा पहली बार साल 2022 की शुरुआत में हुई थी, जब दोनों को डिनर डेट पर साथ देखा गया था।

धीरे-धीरे दोनों ने सोशल मीडिया और पब्लिक इवेंट्स के जरिए अपने रिश्ते को खुलकर स्वीकार किया। उस समय से सबा कई बार रोशन परिवार के समारोहों और छुट्टियों में नजर आ चुकी हैं। कुछ महीने पहले ऋतिक के भांजे की शादी के समारोह में भी वह शामिल हुई थीं।

वहीं, ऋतिक हमेशा सबा के करियर और उनके प्रोजेक्ट्स को सपोर्ट करते नजर आते हैं। सबा से पहले ऋतिक की शादी इंटीरियर डिजाइनर सुजैन खान से हुई थी। दोनों ने साल 2000 में शादी की थी और 2013 में अलग होने का ऐलान किया था।

अलग होने के बावजूद, दोनों आज भी अच्छे दोस्त हैं और अपने बेटों रेहान रोशन और रिदान रोशन की साथ मिलकर परवरिश कर रहे हैं।