Friday, June 26, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति मुंबई: पत्रकारों से अभद्रता पर विवाद, सांसद संजय दीना पाटिल ने मांगी...

मुंबई: पत्रकारों से अभद्रता पर विवाद, सांसद संजय दीना पाटिल ने मांगी माफी

0
4

मुंबई, 25 जून (आईएएनएस)। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) छोड़कर एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का दामन थमने वाले मुंबई उत्तर-पूर्व से सांसद संजय दीना पाटिल मीडिया कर्मियों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और खुलेआम धमकी देने के बाद बड़े राजनीतिक विवाद में घिर गए हैं। विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक वर्गों से तीखी आलोचना होने के बाद सांसद ने बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांग ली है।

कैमरे के सामने गुस्सा खोते हुए पाटिल ने पत्रकारों के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया और उन्हें अपना माइक चेहरे से दूर रखने को कहा। उन्होंने कहा, ”अगर तुम लोग फिर यहां आए तो मैं तुम्हें पीटकर भगा दूंगा। इसे कैमरे में रिकॉर्ड करो। मैं पुलिस के सामने यह कह रहा हूं। जो करना है कर लो।”

सांसद के इस आक्रामक व्यवहार और अपमानजनक भाषा की महाराष्ट्र के मीडिया संगठनों और राजनीतिक नेताओं ने कड़ी निंदा की और पत्रकारों को धमकाने को गलत बताया। विवाद बढ़ने पर उपमुख्यमंत्री और शिवसेना नेता एकनाथ शिंदे ने हस्तक्षेप किया और सांसद को अपनी गलती मानने की सलाह दी।

शिंदे ने कहा कि राजनीतिक तनाव और पार्टी विभाजन के बाद से निजी हमले बढ़े हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों को मीडिया के साथ शालीनता बनाए रखनी चाहिए।

शीर्ष नेतृत्व के हस्तक्षेप के बाद पाटिल ने अपने बयान से पलटते हुए एक आधिकारिक माफी जारी की और कहा कि उनका गुस्सा अत्यधिक मानसिक तनाव का परिणाम था। उन्होंने कहा कि पार्टी बदलने के बाद से वह और उनका परिवार (पत्नी, बेटी और दिवंगत पिता) लगातार गलत आरोपों और अपमानजनक सवालों का सामना कर रहे हैं।

पाटिल ने कहा कि उन्होंने पत्रकारों से विनम्रता से कहा था कि वे आगे सवाल न पूछें क्योंकि उन्होंने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी थी, लेकिन परिवार को लेकर लगातार सवाल पूछने पर वह अपना संयम खो बैठे। उन्होंने कहा, ”मैं पत्रकारिता समुदाय से अपने शब्दों के लिए दिल से माफी मांगता हूं।’

उन्होंने यह भी कहा कि वह इस घटना को लेकर किसी भी पुलिस जांच या पूछताछ के लिए पूरी तरह तैयार हैं।