Thursday, July 30, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय दक्षिण कोरिया: अगले हफ्ते भी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, हीट वेव...

दक्षिण कोरिया: अगले हफ्ते भी नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, हीट वेव का अलर्ट

0
2

सोल, 30 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया इन दिनों भीषण गर्मी से जूझ रहा है। देश के मेट डिपार्टमेंट ने गुरुवार को बताया कि प्रेशर सिस्टम में कोई बदलाव नहीं दिख रहा है इसलिए हालात अगले हफ्ते भी ज्यों के त्यों बने रहेंगे।

योनहाप न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, कोरियाई मौसम विभाग (केएमए) ने बताया कि एकमात्र बदलाव यह होगा कि सबसे गर्म इलाका कोरियाई प्रायद्वीप में उत्तर से दक्षिण तक फैली बैकडुडाएगन पर्वत श्रृंखला के पूर्व से पश्चिम की ओर खिसक जाएगा।

केएमए ने कहा कि मौसम का मौजूदा पैटर्न, जिसमें नॉर्थ पैसिफिक हाई और तिब्बती हाई एक साथ प्रायद्वीप के ऊपर बने हुए हैं, फिलहाल वैसा ही रहेगा। विभाग ने बताया कि समय के साथ कमजोर होने के बजाय, ये हाई-प्रेशर सिस्टम (उच्च दबाव प्रणाली) और मजबूत होगा क्योंकि हवा गर्म होकर फैलेगी।

स्थिर प्रेशर सिस्टम और दक्षिण से लगातार आ रही गर्म और नमी वाली हवा के कारण आसमान साफ ​​रहेगा, सूरज और तपाएगा जिससे मौसम बहुत गर्म हो जाएगा।

केएमए ने अनुमान लगाया है कि सुबह का तापमान औसत के बराबर या उससे थोड़ा अधिक रहेगा, और 2 अगस्त से 9 अगस्त के बीच दिन का तापमान औसत से अधिक रहेगा। विभाग ने कहा कि 3 अगस्त से 9 अगस्त के बीच सुबह का तापमान 24 से 27 डिग्री सेल्सियस और दिन का तापमान 33 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

एजेंसी ने कहा कि 4 अगस्त के आसपास हवा की दिशा बदल जाएगी। इससे सोल मेट्रोपॉलिटन इलाके सहित बेकडुडाएगन पर्वत श्रृंखला के पश्चिमी हिस्से में तापमान बढ़ जाएगा।

अनुमान है कि 5 अगस्त को सोल में दिन का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाएगा, जबकि उसी दिन बुसान में तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहेगा। दक्षिण-पूर्वी शहर डेगू में अगले सप्ताह दिन का अधिकतम तापमान 38 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।