Thursday, June 11, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग बेल्जियम के बाद इटली पहुंचे, शीर्ष...

दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग बेल्जियम के बाद इटली पहुंचे, शीर्ष नेताओं से करेंगे मुलाकात

0
3

ब्रसेल्स, 11 जून (आईएएनएस)। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग बेल्जियम से इटली के लिए रवाना हुए। यूरोप दौरे के दौरान इटली उनका दूसरा पड़ाव है, जहां वे इटली के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से मुलाकात करेंगे।

बुधवार (स्थानीय समय) को बेल्जियम से रवाना होने से पहले ली ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डे वेवर से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने यूरोपीय संघ (ईयू) के नेताओं यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन और यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा के साथ शिखर बैठक की।

योनहाप न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, द्विपक्षीय बैठक में ली और डे वेवर ने बैटरी, सामग्री (मैटेरियल्स) और ऊर्जा जैसे उन्नत क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने पर सहमति जताई। दोनों नेताओं ने अपने-अपने देशों के व्यवसायों के लिए बाजार तक पहुंच आसान बनाने और एक-दूसरे के लिए विदेशी विस्तार के रणनीतिक केंद्र के रूप में काम करने पर भी सहमति व्यक्त की।

ली की बेल्जियम यात्रा उनके 10 दिन के यूरोप दौरे का पहला चरण थी, जो मंगलवार से शुरू हुआ। इस साल दक्षिण कोरिया और बेल्जियम के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना के 125 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

ईयू नेताओं के साथ बैठक में ली ने उत्तर कोरिया और रूस के बीच हो रहे ‘अवैध सैन्य सहयोग’ की निंदा की। नेताओं का कहना था कि इस सहयोग की वजह से रूस यूक्रेन के खिलाफ अपना आक्रमण जारी रख पा रहा है। उन्होंने प्योंगयांग और मॉस्को से ऐसे सभी गतिविधियों को रोकने और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के संबंधित प्रस्तावों का पालन करने की अपील की।

दोनों पक्षों ने सुरक्षा और रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए एक द्विपक्षीय सूचना सुरक्षा समझौते पर बातचीत शुरू करने संबंधी समझौते पर भी हस्ताक्षर किए।

इटली में दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति गुरुवार को राष्ट्रपति सर्जियो मटेरेला से मुलाकात करेंगे और अगले दिन प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ वार्ता करेंगे।

इसके बाद वे रविवार से दो दिनों के लिए वेटिकन जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात पोप लियो (14वें) से होने वाली है। फिर वे फ्रांस रवाना होंगे, जहां जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची समेत दुनिया के कई प्रमुख नेता शामिल होंगे।