Friday, May 29, 2026
SGSU Advertisement
Home व्यापार टेस्ला ने भारत में मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव को पेश किया

टेस्ला ने भारत में मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव को पेश किया

0
13

नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। अमेरिकी कार कंपनी टेस्ला ने शुक्रवार को भारत में नया मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव (आरडब्ल्यूडी) मॉडल को पेश किया। इसकी शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 50.89 लाख रुपए रखी गई है और इसकी डिलीवरी जुलाई 2026 से शुरू हो जाएगी।

इसके जरिए टेस्ला की कोशिश भारतीय बाजारों में पैठ जमाना है। अब तक कंपनी बाजार में कुछ खास मुकाम हासिल नहीं कर पाई है।

टेस्ला के मुताबिक, मॉडल वाई के इस नए वैरिएंट में ऑल-ब्लैक इंटीरियर मिलेगा। साथ ही, इसमें पहली पंक्ति में बेहतर रिस्पॉन्सिवनेस के साथ 16 इंच का बड़ा टचस्क्रीन लगा हुआ और वैकल्पिक जेन ग्रे इंटीरियर थीम मौजूद है।

इस मॉडल में 2,138 लीटर तक की स्टोरेज क्षमता उपलब्ध है और अतिरिक्त कार्गो स्पेस के लिए पावर-फोल्डिंग सीटों के साथ इसमें पांच यात्रियों तक को बैठाया जा सकता है।

यह गाड़ी 5.9 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है और डब्ल्यूएलपीटी मानकों के अनुसार 500 किमी तक की ड्राइविंग रेंज प्रदान करता है।

मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव और छह सीटों वाली मॉडल वाई एल, दोनों को एनएचटीएसए, आईआईएचएस, यूरो एनकैप, एएनकैप और सी-आईएएसआई सहित कई वैश्विक सुरक्षा संगठनों से सर्वोच्च सुरक्षा रेटिंग प्राप्त हुई है।

पिछले महीने, टेस्ला ने भारत में छह सीटों वाली मॉडल वाई एल को 61.99 लाख रुपए की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया था।

टेस्ला की वरिष्ठ निदेशक, इसाबेल फैन ने कहा,“टेस्ला का मिशन एक ऐसी दुनिया बनाना है जहां अपार समृद्धि हो। टेस्ला अपनी तकनीक को सुलभ बनाकर और लोगों की जीवनशैली के अनुरूप चार्जिंग समाधान उपलब्ध कराकर इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देती है।”

इसके अलावा, कंपनी ने नए वेरिएंट के लिए फाइनेंस विकल्प भी पेश किए हैं, जिसमें मासिक ईएमआई 39,990 रुपए से शुरू होती है और डाउन पेमेंट 6 लाख रुपए है।

इससे पहले मई में, एलन मस्क समर्थित कंपनी ने बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड इलाके में अपना पहला एक्सपीरियंस सेंटर खोला, जो भारत में इलेक्ट्रिक वाहन निर्माता की विस्तार योजनाओं में एक महत्वपूर्ण कदम है।