अमरावती, 13 सितंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के अन्नमय्या जिले में रविवार को लाल चंदन (रेड सैंडर्स) तस्करों और वन विभाग की टीम के बीच हुई कार्रवाई के दौरान तीन वन अधिकारी घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार, तस्करों ने नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश में अपनी तेज रफ्तार गाड़ी वन विभाग की गश्ती वाहन में टक्कर मार दी।
यह घटना रोमपिचेरला मंडल के बोम्मायिगारिपल्ली गांव के पास हुई। वन विभाग को लाल चंदन की लकड़ियां ले जा रहे एक तस्कर गिरोह की गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद विभाग ने ‘ऑपरेशन अरण्य’ के तहत सड़क पर गश्ती वाहन खड़ा कर तस्करों को रोकने की योजना बनाई।
बताया गया कि तस्करों ने रुकने के बजाय अपनी गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और वन विभाग के वाहन में जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना में वन विभाग की गाड़ी का चालक और दो तस्कर भी घायल हो गए।
जान जोखिम में डालकर वनकर्मियों ने दो संदिग्ध तस्करों को पकड़ लिया। मौके से लाल चंदन की लकड़ियां, एक वजन मापने की मशीन, आरी का ब्लेड, कुल्हाड़ियां और तस्करी में इस्तेमाल किया गया वाहन भी जब्त किए गए।
घायल वन अधिकारियों की पहचान वन अनुभाग अधिकारी के प्रकाश कुमार, वन बीट अधिकारी पी. रेड्डी प्रसाद और के. प्रताप के रूप में हुई है। वाहन चालक चरण भी घायल हुआ है। सभी घायलों को उपचार के लिए तिरुपति के एसवीआरआर सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वन मंत्री पवन कल्याण ने इस घटना की जानकारी वरिष्ठ वन अधिकारियों से ली और लाल चंदन तस्करों को पकड़ने के लिए जोखिम उठाने वाले अधिकारियों की सराहना की। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि घायल कर्मचारी फिलहाल खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है।
पवन कल्याण ने आश्वासन दिया कि घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और इलाज का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। उन्होंने प्रधान मुख्य वन संरक्षक (पीसीसीएफ) को कर्मचारियों के पूरी तरह स्वस्थ होने तक स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि वन संपदा की लूट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और इस मामले में किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने लाल चंदन तस्करी, वन अपराधों और ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों पर हमले करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पवन कल्याण ने कहा कि गठबंधन सरकार वन अपराधों पर रोक लगाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने रेड सैंडर्स एंटी-स्मगलिंग टास्क फोर्स को तस्कर गिरोहों पर विशेष निगरानी रखने और फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश भी दिए।
