Tuesday, June 23, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय राजस्थान में 6 मई तक आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, किसान चिंतित

राजस्थान में 6 मई तक आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, किसान चिंतित

0
28

जयपुर, 1 मई (आईएएनएस)। राजस्थान के कुछ हिस्सों में हुई ओलावृष्टि के मद्देनजर मौसम विभाग ने 1 से 6 मई तक आंधी, बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। विभाग ने इस अवधि के दौरान जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर संभाग में बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने शनिवार को अजमेर, अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनू, करौली, सवाई माधोपुर, सीकर, टोंक, बाड़मेर, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, फलौदी और श्री गंगानगर सहित कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसमें आंधी, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी दी गई है।

पिछले दो दिनों में झालावाड़ जिलों में बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश के साथ आंधी और ओलावृष्टि हुई। जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और गर्मी से अस्थायी राहत मिली। हालांकि, मौसम में अचानक हुए इस बदलाव से किसानों में फसलों के नुकसान को लेकर आशंका बढ़ गई है।

अधिकारियों ने बताया कि सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मई के पहले पखवाड़े में तापमान सामान्य के आसपास रहेगा। दिन में मौसम गर्म और शाम को बादल छाए रहने और अधिकांश दिनों में गरज के साथ हल्की बारिश की संभावना है। यह चेतावनी 4 मई तक रहने की संभावना है।

इस बीच, कई इलाकों में बारिश के बावजूद गुरुवार को दिन का तापमान अधिक रहा। बीकानेर, चूरू और फलोदी में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर और जैसलमेर में यह 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। राजधानी जयपुर में दिनभर भीषण गर्मी के साथ अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शाम को धूल भरी आंधी और हल्की बूंदाबांदी हुई। अगले 2-3 दिनों तक भी ऐसी ही स्थिति रहने की संभावना है।

उदयपुर में लगातार दूसरे दिन पारा 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा। अजमेर में अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि दिनभर की भीषण गर्मी के बाद शाम हवाएं चलने से लोगों को कुछ राहत मिली।

वहीं, अलवर में दोपहर में बादल छाए रहने, तेज हवाओं और हल्की बारिश से दिन की शुरुआत में पड़ी भीषण गर्मी के बाद तापमान में कुछ राहत मिली। जोधपुर में तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस के आसपास है और भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है।

इसके अलावा सीकर जिले में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, दोपहर में तेज हवाओं और हल्की बारिश से कुछ राहत मिली। कोटा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, शाम को हल्की बारिश हुई।

जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 4-5 दिनों में एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश भर में धूल भरी आंधी, हलकी बारिश हो सकती है। इससे लोगों को लू से राहत मिल सकती है।