वॉशिंगटन, 21 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के विदेश विभाग ने बताया कि ट्रंप प्रशासन ने कतर को केसी-46ए एरियल रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट और उससे जुड़े उपकरणों की संभावित बिक्री को मंजूरी दे दी है। इस सौदे की अनुमानित कीमत 4.5 अरब डॉलर है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, कतर ने अधिकतम चार केसी-46ए विमान खरीदने की मांग की है। इसके साथ आठ पीडब्ल्यू4062 टर्बोफैन इंजन, जिनमें चार अतिरिक्त (स्पेयर) इंजन शामिल हैं, रडार चेतावनी रिसीवर, इन्फ्रारेड काउंटरमेजर सिस्टम और अन्य उपकरणों और सहायता सेवाओं की भी मांग की गई है।
बयान में कहा गया कि कतर को इन उपकरणों और सेवाओं को अपनी सशस्त्र सेनाओं में शामिल करने में कोई कठिनाई नहीं होगी। प्रस्तावित बिक्री से क्षेत्र में मौजूदा सैन्य संतुलन पर कोई बुनियादी प्रभाव नहीं पड़ेगा।
विदेश विभाग के ब्यूरो ऑफ पॉलिटिकल-मिलिट्री अफेयर्स ने कहा, “यह प्रस्तावित बिक्री कतर की वर्तमान और भविष्य की खतरों से निपटने की क्षमता को मजबूत करेगी। इससे उसकी रक्षा क्षमताएं बढ़ेंगी, अमेरिकी और सहयोगी देशों की सेनाओं के साथ तालमेल बेहतर होगा और क्षेत्रीय सुरक्षा में कतर की रणनीतिक भूमिका और मजबूत होगी।”
इस सौदे में मिसाइल चेतावनी सेंसर, कार्ट्रिज-एक्चुएटेड डिवाइस, प्रोपेलेंट-एक्चुएटेड डिवाइस, कंट्रोल इंटरफेस यूनिट, यूजर डेटा मॉड्यूल कार्ड, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर डेटाबेस सपोर्ट, केआईवी-77 क्रिप्टो मॉड्यूल, केवाई-100एम क्रिप्टो टर्मिनल और अन्य पुर्जे भी शामिल हैं।
यह घोषणा ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में तनाव बढ़ा हुआ है। इसकी वजह अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान के खिलाफ शुरू किया गया युद्ध बताया गया है, जो फरवरी के अंत में शुरू हुआ था और जिसमें हजारों लोगों की मौत हुई। जवाबी कार्रवाई में ईरान ने खाड़ी क्षेत्र के देशों में मौजूद अमेरिकी ठिकानों और संपत्तियों को निशाना बनाया था।
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि ईरान को ‘बेहद कड़े प्रतिबंधों’ का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि उन्होंने होर्मुज स्ट्रेट के भविष्य के महत्व को कम करके भी दिखाया और कहा कि अमेरिका में बढ़े ऊर्जा उत्पादन और नए आपूर्ति मार्गों के कारण दुनिया की इस रणनीतिक जलमार्ग पर निर्भरता कम हुई है।
व्हाइट हाउस में तेहरान के खिलाफ संभावित नए कदमों के बारे में पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा, “हमारे पास ऐसे कई विकल्प हैं जिन पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। हमारे पास बेहद कड़े प्रतिबंध हैं और आगे क्या होता है, यह देखेंगे।”
राष्ट्रपति ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही जारी है। यह जलमार्ग फारस की खाड़ी को अरब सागर से जोड़ता है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण मार्ग माना जाता है।
उन्होंने कहा, “फिलहाल यह स्ट्रेट खुला है। यहां से बहुत सारे जहाज गुजर रहे हैं, लेकिन लोग इसकी रिपोर्ट नहीं कर रहे हैं। भविष्य में इसमें थोड़ी कमी आ सकती है, लेकिन अभी काफी जहाज यहां से आ-जा रहे हैं।”
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी की वजह से कई जहाज देश तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। हालांकि उन्होंने अपने इस दावे के समर्थन में कोई आंकड़े पेश नहीं किए।

