SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ट्रंप का बड़ा चुनावी वादा, रिपब्लिकन सत्ता में लौटे तो हर वयस्क...

ट्रंप का बड़ा चुनावी वादा, रिपब्लिकन सत्ता में लौटे तो हर वयस्क अमेरिकी को मिलेंगे 5,000 डॉलर

0
1

वाशिंगटन, 10 सितंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आगामी मध्यावधि चुनाव से पहले अपने देशवासियों से बड़ा चुनावी वादा किया है। उन्होंने कहा है कि अगर रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों पर अपना नियंत्रण बरकरार रखती है, तो हर वयस्क अमेरिकी नागरिक को 5,000 डॉलर का भुगतान किया जाएगा।

ट्रंप ने इसे ‘ट्रंप डिविडेंड’ नाम दिया है। ट्रंप ने बुधवार को डलास में रिपब्लिकन पार्टी के मध्यावधि सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।

उन्होंने कहा, “अमेरिका की आर्थिक ताकत और सफलता को देखते हुए वह प्रत्येक वयस्क नागरिक को 5,000 डॉलर का डिविडेंड जारी करेंगे, बशर्ते नवंबर के चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी प्रतिनिधि सभा और सीनेट दोनों में अपना नियंत्रण बनाए रखे।

ट्रंप ने भुगतान की एक शर्त भी बताई। उन्होंने कहा, “इस रकम को अमेरिका के भीतर ही खर्च करना होगा। यानी लाभार्थी इस पैसे को देश के बाहर खर्च नहीं कर सकेंगे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि योजना को किस तरह लागू किया जाएगा और इसके लिए पैसा कहां से आएगा।”

अपने भाषण में अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस भुगतान की तुलना किसी सफल कंपनी द्वारा अपने शेयरधारकों को दिए जाने वाले लाभांश से की। उन्होंने कहा कि अगर रिपब्लिकन जीतते हैं तो जनता भी उनके साथ जीतेगी और उसे 5,000 डॉलर मिलेंगे।

हाउस और सीनेट पर कब्जा बनाए रखने के लिए रिपब्लिकन कैंपेन के केंद्र में ट्रंप खुद को देखना चाहते हैं। राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, लेकिन उन्होंने वोटरों से कहा कि वे इस मुकाबले को ऐसे देखें जैसे वे खुद चुनाव लड़ रहे हों।

ट्रंप ने कहा, “जब मैं मैदान में होता हूं, तो रिपब्लिकन हमेशा बहुत अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हमने तीन बार राष्ट्रपति पद जीता है।”

उन्होंने कहा, “मैं आपसे गुजारिश करता हूं कि आप ऐसा सोचें कि मैं ही चुनाव लड़ रहा हूं… बस एक बार और। क्योंकि अगर हम हार गए, तो आप अपनी सीमा खो देंगे, टैक्स में कटौती का फायदा खो देंगे, अपनी सुरक्षा और हिफाजत खो देंगे। “

वोटिंग से पहले के आखिरी हफ्तों में जोरदार कैंपेन शेड्यूल का वादा करते हुए, ट्रंप ने कहा कि वे उन राज्यों का दौरा करेंगे जहां कांग्रेस के लिए कड़ा मुकाबला है और रिपब्लिकन उम्मीदवारों की रैलियों में शामिल होंगे।

ट्रंप ने कहा, “मैं कांग्रेसमैन और सीनेटरों के लिए उन सभी राज्यों में जाऊंगा… और हम रैलियां करेंगे।”

राष्ट्रपति ने बार-बार अपने समर्थकों को अमेरिका में कम्युनिज्म के खतरे के बारे में चेतावनी दी।

उन्होंने कहा, “हमारे देश पर एक अजीब, बीमार बादल छाया हुआ है… हम अमेरिका में कम्युनिज्म को हराएंगे।”

अपने भाषण के दौरान ट्रंप ने ईरान का भी जिक्र किया और अमेरिका की ओर से और सैन्य कार्रवाई करने की धमकी दोहराई।

ट्रंप ने कहा, “मैं ईरान को सलाह दूंगा कि वह चालाकी न करे, क्योंकि हमें उन पर बहुत जोरदार हमला करना पड़ेगा। हमारे पास कोई और रास्ता नहीं है, है ना? हमारे पास कोई विकल्प नहीं है। क्या यहां किसी को लगता है कि ईरान के पास परमाणु हथियार होना चाहिए?”

राष्ट्रपति ने यह भी सुझाव दिया कि न्यू मैक्सिको राज्य का नाम बदलकर “न्यू अमेरिका” कर दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमने हाल ही में एक नाम सोचा है, जो हमें सही लगता है। आपका पड़ोसी राज्य न्यू मैक्सिको है। हमें लगता है कि इसे ‘न्यू अमेरिका’ कहा जाना चाहिए।”