तमिलनाडु: वोटिंग का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया शेयर, टीवीके कार्यकर्ता गिरफ्तार

0
6

चेन्नई, 23 अप्रैल (आईएएनएस)। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के दौरान तिरुपत्तूर सीट पर मतदान करते समय वीडियो बनाना एक कार्यकर्ता को महंगा पड़ गया। तमिऴगा वेत्रि कषगम (टीवीके) के कार्यकर्ता शक्तिवेल को मतदान केंद्र के अंदर वोट डालते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, शक्तिवेल ने मतदान कक्ष के भीतर मोबाइल फोन से पार्टी के “सीटी” (व्हिसल) चुनाव चिन्ह पर वोट डालते हुए खुद का वीडियो बनाया। बाद में उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर रील के रूप में शेयर कर दिया, जिससे चुनाव अधिकारियों का ध्यान इस ओर गया।

भारतीय निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि मतदान कक्ष में मोबाइल फोन ले जाना या किसी भी तरह की रिकॉर्डिंग करना चुनाव नियमों का उल्लंघन है, क्योंकि इससे मत की गोपनीयता भंग होती है।

सीसीटीवी निगरानी के जरिए मिली जानकारी के आधार पर अधिकारियों ने पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ चुनाव कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

राज्य में गुरुवार को सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में मतदान हो रहा है। 5.73 करोड़ से अधिक मतदाता 4,023 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। चुनाव के सुचारू संचालन के लिए पूरे तमिलनाडु में 75,064 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां कड़ी सुरक्षा और निगरानी की व्यवस्था की गई है।

सुबह 7 बजे शुरू हुए मतदान के दौरान कई जगहों पर लंबी कतारें देखी गईं। शहरी क्षेत्रों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। महिलाएं, बुजुर्ग और पहली बार वोट डालने वाले युवा बड़ी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचे।

छिटपुट घटनाओं को छोड़कर राज्य में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से जारी है और चुनाव अधिकारी लगातार निगरानी बनाए हुए हैं, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।