सिडनी, 22 सितंबर (आईएएनएस)। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी स्थित एक घर में जबरन घुसकर बदमाशों ने मारपीट की। मंगलवार सुबह हुई इस वारदात में दो लोग घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मंगलवार को स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:30 बजे सिडनी के सेंटर से 28 किलोमीटर पश्चिम में लालोर पार्क में हमले की खबर मिलने पर इमरजेंसी सर्विस को सूचित किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मौके पर पहुंचने पर बताया गया कि दो आदमी एक घर में घुसे और वहां से बाहर आने से पहले 64 साल और 44 साल के दो लोगों के साथ मारपीट की।
सिंहुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ितों का इलाज एम्बुलेंस पैरामेडिक्स ने किया और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया।
ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन ने बताया कि दोनों के सिर में चोट आई थी।
पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया और हमले की जांच शुरू कर दी।
वहीं, दूसरी घटना में, सोमवार को उत्तर-पश्चिम सिडनी में एक घर में गोली लगने से एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
न्यू साउथ वेल्स राज्य की पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सोमवार शाम करीब 5 बजे उत्तर-पश्चिम सिडनी के बाहरी इलाके नॉरवेस्ट में एक घर में गोलीबारी की खबर मिलने पर अधिकारी वहां पहुंचे और पाया कि 11 साल के लड़के के चेहरे और गर्दन पर गोली लगी थी।
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने से पहले घटनास्थल पर ही एम्बुलेंस पैरामेडिक्स ने उसका इलाज किया।
घटना के समय घर में मौजूद पांच अन्य लोगों में शामिल तीन 18 साल के युवकों को गिरफ्तार किया गया। दो को बाद में आगे की जांच तक छोड़ दिया गया, और तीसरे पर गंभीर अपराध छिपाने का आरोप लगाया गया।
सुपरिटेंडेंट नाओमी मूर ने सोमवार रात पत्रकारों को बताया कि लड़के को अस्पताल पहुंचाया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस घटना में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रही है और उन्हें नहीं लगता कि गोलीबारी का संबंध संगठित अपराध से है।
