अफ्रीका में अमेरिकी नागर‍िक में इबोला संक्रमण के बाद ट्रंप प्रशासन ने लगाए नए यात्रा प्रतिबंध

0
4

वाशिंगटन, 19 मई (आईएएनएस)। ट्रंप प्रशासन ने नए यात्रा प्रतिबंध और आपातकालीन कदमों की घोषणा की है। यह कदम अफ्रीका में एक अमेरिकी नागरिक में इबोला के एक स्ट्रेन की पुष्टि के बाद उठाया गया है। हालांकि अधिकारियों ने साफ किया है कि अमेरिका के अंदर कोई मामला नहीं है।

यह घोषणा व्हाइट हाउस में एक कार्यक्रम के दौरान की गई, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पूछा गया कि क्या अमेरिकियों को इस प्रकोप को लेकर चिंता करनी चाहिए।

ट्रंप ने कहा, “मैं हर चीज को लेकर चिंतित हूं। यह अभी अफ्रीका तक ही सीमित है, लेकिन यह एक तरह का फैलाव है।”

इसके बाद ट्रंप ने ब्रीफिंग में वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हेइडी ओवरटन सरकार की प्रतिक्रिया के बारे में जानकारी देने के लिए बुलाया।

ओवरटन ने बताया कि अमेरिका ने पूरी तरह से अंतर-एजेंसी प्रतिक्रिया शुरू की है, जिसमें विदेश विभाग, सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (सीडीसी) और डिपार्टमेंट ऑफ वॉर शामिल हैं।

उन्होंने कहा, “एक अमेरिकी नागरिक में लक्षण दिखे हैं और उसका टेस्ट बुंडिबुग्यो वायरस, जो इबोला का एक प्रकार है, के लिए पॉजिटिव आया है।”

उन्होंने आगे बताया कि संक्रमित अमेरिकी नागरिक और छह अन्य उच्च जोखिम वाले संपर्कों को उस क्षेत्र से निकालकर जर्मनी में एक विशेष वायरस उपचार केंद्र में इलाज के लिए ले जाया जाएगा।

प्रशासन ने यह भी घोषणा की कि तुरंत प्रभाव से उन गैर-अमेरिकी नागरिकों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा जिन्होंने हाल ही में युगांडा, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, कांगो और दक्षिण सूडान की यात्रा की हो।

ओवरटन ने कहा, “हमने आज ही उन गैर-नागरिकों के लिए प्रवेश प्रतिबंध लागू कर दिए हैं जो पिछले 21 दिनों में इस क्षेत्र में रहे हैं।”

उन्होंने बताया कि इस क्षेत्र में मौजूद अमेरिकियों के लिए पहले ही यात्रा चेतावनियां जारी कर दी गई हैं और अधिकारी वायरस को अमेरिका में फैलने से रोकने के लिए बहुत गंभीर कदम उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा क‍ि अभी अमेरिका में इबोला का कोई मामला नहीं है। हम इसे ऐसा ही रखना चाहते हैं।

बुंडिबुग्यो स्ट्रेन इबोला वायरस के कई ज्ञात प्रकारों में से एक है और यह इंसानों में गंभीर हेमोरेजिक बुखार पैदा कर सकता है। इसके लक्षणों में अक्सर बुखार, उल्टी, दस्त और अंदरूनी रक्तस्राव शामिल होते हैं। यह वायरस संक्रमित शरीर के तरल पदार्थों के सीधे संपर्क से फैलता है।

व्हाइट हाउस की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब सीडीसी ने अफ्रीका में चल रहे प्रकोप और रोकथाम के प्रयासों पर एक अलग प्रेस ब्रीफिंग की थी। अमेरिकी अधिकारियों ने संक्रमित नागरिक की सटीक जगह का खुलासा नहीं किया, लेकिन कहा कि यह मामला अब भी प्रकोप वाले क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।