हिंदुओं का अपमान करना ही अब कांग्रेस की बन चुकी है पहचान : शहजाद पूनावाला

0
5

नई दिल्ली, 17 मई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस, मुस्लिम लीग और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तीखे हमले बोले। उन्होंने भोजशाला मामले में आए अदालत के फैसले से लेकर केरल की राजनीति और भगवंत मान की कार्यशैली तक कई मुद्दों पर विपक्ष को घेरा।

भोजशाला मामले पर बोलते हुए शहजाद पूनावाला ने आईएएनएस से कहा कि जब अदालत ने हिंदुओं के पक्ष में फैसला दिया है, तब कांग्रेस पार्टी इतनी परेशान क्यों है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इतनी हिंदू विरोधी हो चुकी है कि जब हिंदुओं को अदालत के जरिए उनके संवैधानिक अधिकार मिलते हैं, तब भी वह उसका विरोध करती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “हिंदुओं का अपमान करना ही अब कांग्रेस की पहचान बन चुकी है।”

केरल की राजनीति और कांग्रेस को लेकर भी भाजपा प्रवक्ता ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पहले ही स्पष्ट हो गया था कि वीडी सतीशन कांग्रेस के नहीं, बल्कि मुस्लिम लीग के पसंदीदा मुख्यमंत्री उम्मीदवार हैं।

शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस विधायकों की पसंद कोई और था लेकिन दिल्ली हाईकमान ने जमात और मुस्लिम लीग के दबाव में सतीशन का नाम आगे बढ़ाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अब मुस्लिम लीग को ऐसा लग रहा है जैसे उनकी सरकार आ गई हो और इसलिए वह सड़कों पर उतरकर उत्पात मचा रही है।

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जो पार्टी मुस्लिम लीग के सामने नतमस्तक हो चुकी है, उसका नाम ‘इस्लामिक नेशनल कैलिफेट’ होना चाहिए।

वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए शहजाद पूनावाला ने कहा कि भगवंत मान को समझना चाहिए कि वह मुख्यमंत्री हैं, ‘कॉमेडी मास्टर’ नहीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “भगवंत मान जहां से भी काम करें, कम से कम वर्किंग कंडीशन में रहें और होश में रहें।”