Tuesday, June 30, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति हम लोग सेवा करने के लिए आए हैं, शासन करने के लिए...

हम लोग सेवा करने के लिए आए हैं, शासन करने के लिए नहीं : अग्निमित्रा पॉल

0
20

कोलकाता, 11 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की नई भाजपा सरकार में मंत्री बनीं अग्निमित्रा पॉल ने साफ कहा है कि उनकी पार्टी शासन करने नहीं, बल्कि सेवा करने आई है।

अग्निमित्रा पॉल ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान टीएमसी पर तीखा हमला बोला और दावा किया कि आने वाले समय में तृणमूल कांग्रेस का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा। उन्होंने कहा, “हम लोग सेवा करने के लिए आए हैं, शासन करने के लिए नहीं।”

टीएमसी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता जिस पार्टी को एक बार सत्ता से बाहर कर देती है, उसे दोबारा मौका नहीं देती। टीएमसी अब अप्रासंगिक हो चुकी है। आने वाले दिनों में यह पार्टी ही नहीं रहेगी। हमारे सामने बहुत बड़ा लक्ष्य है, इसलिए हम इस तरह के निगेटिव मुद्दों पर समय बर्बाद नहीं करते।

भाजपा में टीएमसी नेताओं की संभावित एंट्री को लेकर भी उन्होंने बड़ा बयान दिया। अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने पहले ही साफ कर दिया है कि फिलहाल एक महीने तक तृणमूल कांग्रेस से किसी को भाजपा में शामिल करने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने कहा कि इस बारे में आगे फैसला पार्टी संगठन और नेतृत्व करेगा।

उन्होंने कहा, “हमारे शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने चुनाव से पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि अगले एक महीने तक टीएमसी से किसी को शामिल नहीं किया जाएगा। उसके बाद संगठन तय करेगा कि किसे पार्टी में शामिल करना है और किसे नहीं।”

हाल ही में बनी सुवेंदु सरकार में अग्निमित्रा पॉल को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। इससे पहले भी वह विधायक रह चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के मार्गदर्शन में काम करेंगी।

राजनीति में आने से पहले अग्निमित्रा पॉल फैशन डिजाइनिंग की दुनिया का बड़ा नाम थीं। उन्होंने साल 2019 में सक्रिय राजनीति में कदम रखा। फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें पहला बड़ा मौका अभिनेत्री श्रीदेवी की सिफारिश पर मिला था। उन्होंने ईशा देओल की डेब्यू फिल्म ‘कोई मेरे दिल से पूछे’ के लिए कॉस्ट्यूम डिजाइन किए थे।

2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में अग्निमित्रा पॉल ने आसनसोल दक्षिण सीट से बड़े वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ ज्यादा मजबूत की है।