Friday, July 3, 2026
SGSU Advertisement
Home Student & Youth आईआईएससी में 21 टीचिंग असिस्टेंट पदों पर भर्ती का अवसर, इस तिथि...

आईआईएससी में 21 टीचिंग असिस्टेंट पदों पर भर्ती का अवसर, इस तिथि तक करें आवेदन

0
2

बेंगलुरु, 2 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी), बेंगलुरु ने विभिन्न विषयों के अनुसार अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम में टीचिंग असिस्टेंट के कुल 21 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके वैकेंसी की घोषणा की है। इनमें यूआर के 7, एससी के 4, एसटी के 2, ओबीसी के 5 और ईडब्ल्यूएस के 3 पद शामिल हैं।

इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (आईआईएससी) की ओर से विषय के अनुसार टीचिंग असिस्टेंट पोस्ट के लिए जारी 21 रिक्तियों में रसायन विज्ञान से 4, जीव विज्ञान से 1, पृथ्वी और पर्यावरण विज्ञान से 1, इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रॉनिक्स से 1, मैटेरियल्स इंजीनियरिंग से 1, भौतिकी से 7, एयरोस्पेस इंजीनियरिंग से 3 एवं मैकेनिक्स और कंप्यूटिंग से 3 पद शामिल हैं।

टीचिंग असिस्टेंट पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार इन पद पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पोस्ट से संबंधित विषय अनुसार केमिकल साइंसेज की किसी भी ब्रांच में एमएससी; लाइफ साइंसेज की किसी भी ब्रांच में एमएससी; जियोलॉजी, एनवायरनमेंटल साइंस के क्षेत्र में एमएससी/बीटेक/एमटेक; इलेक्ट्रॉनिक्स/कंप्यूटर साइंस में एमएससी/बीटेक/एमटेक; फिजिक्स/केमिस्ट्री में एमएससी या मटीरियल्स, मेटलर्जिकल, सिरेमिक्स, पॉलिमर्स या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक/एमटेक (एमई/एमटेक डिग्री वाले कैंडिडेट्स को प्राथमिकता दी जाएगी); फिजिक्स में एमएससी; एरोनॉटिकल या एयरोस्पेस इंजीनियरिंग में बीटेक/एमटेक; मैकेनिकल इंजीनियरिंग/मैकेनिक्स और कंप्यूटिंग में बीटेक/एमटेक की डिग्री होनी चाहिए।

आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, टेस्ट, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की शुरुआती सैलरी 30,000 रुपए प्रतिमाह होगी। वहीं, नेशनल एलिजिबिलिटी टेस्ट या गेट परीक्षा के जरिए चुने गए उम्मीदवारों की शुरुआती सैलरी 37,000 रुपए प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) द्वारा यह नियुक्ति पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर अस्थायी होगी। शुरुआत में यह एक वर्ष के लिए होगी और संस्थान की जरूरतों व संतोषजनक परफॉर्मेंस के आधार पर इसे हर वर्ष बढ़ाया जा सकेगा, लेकिन इसकी अधिकतम अवधि पांच वर्ष होगी।