नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में सोमवार को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच मुकाबला खेला गया। भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की घातक गेंदबाजी के दम पर आरसीबी ने डीसी को हरा दिया। न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज मिशेल मैक्लेनाघन मैच के बाद भुवनेश्वर और हेजलवुड की तारीफ की।
मिशेल मैक्लेनाघन ने जियोस्टार से बात करते हुए कहा, “भुवनेश्वर कुमार की असली ताकत लगातार कुछ नया करने में नहीं, बल्कि अपने बुनियादी हुनर पर पूरी तरह से महारत हासिल करने में है। वह लगातार वही चीजें बार-बार दोहरा रहे हैं, और इसमें बेहतर होते जा रहे हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट से मिले ब्रेक की वजह से अब उन्हें पूरे साल अपने समय को बेहतर ढंग से मैनेज करने में मदद मिल रही है। उन्हें अपनी फिटनेस पर काम करने और तरोताजा रहने के लिए काफी समय मिल रहा है। उनके पास काफी अनुभव है और वह जानते हैं कि दबाव वाले हालात से कैसे निपटना है। बात बस इतनी है कि आप वही कर पाएं जो आप हमेशा से करते आ रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर का नई गेंद के साथ हमेशा जबरदस्त असर रहा है। वह हमेशा उन जगहों पर गेंद डालते हैं जिनसे बल्लेबाजों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। स्विंग पर उनका नियंत्रण है। ये हम सभी देख रहे हैं।
हेजलवुड की तारीफ करते हुए मिशेल मैक्लेनाघन ने कहा, “वह एक ऐसे गेंदबाज हैं जिन्हें हर टीम अपने साथ रखना चाहती है। आरसीबी इस मामले में बहुत खुशकिस्मत है कि उनके पास हेजलवुड जैसा गेंदबाज है। वह अपनी विविधताओं से बल्लेबाजों को चकमा देते हैं। उनकी अच्छी-खासी लंबाई उन्हें काफी फायदा पहुंचाती है। लंबा कद होने की वजह से उन्हें हमेशा अतिरिक्त उछाल मिलता है, और बेंगलुरु की पिच उन्हें बल्लेबाजों के सामने मुश्किल सवाल खड़े करने में मदद करती है। उनके कंट्रोल पर कभी कोई शक नहीं होता। वह कभी भी ढीली गेंदें नहीं डालते। अगर आप उनकी गेंद पर रन बनाते हैं, तो इसका मतलब है कि आपने वाकई कोई बेहतरीन शॉट खेला है। आपको एक अच्छी लेंथ वाली गेंद पर शॉट लगाना पड़ता है, न कि किसी हाफ-वॉली पर। वह हमेशा एकदम सही जगह पर गेंदबाजी करते हैं।”
मैक्लेनाघन ने कहा, “हेजलवुड का सबसे बड़ा हथियार है गेंद का अतिरिक्त उछाल। यह बल्लेबाज को जल्दबाजी करने पर मजबूर कर देता है। आप उनके लिए पहले से कोई खास तैयारी नहीं कर सकते। वह मोर्ने मोर्कल जैसा है। दोनों ही लंबे कद के गेंदबाज हैं, जिनका गेंद छोड़ने का पॉइंट काफी ऊपर होता है। उन्हें यह अतिरिक्त उछाल स्वाभाविक रूप से मिलता है। यह अतिरिक्त उछाल अतिरिक्त गति जैसा महसूस होता है। हेजलवुड की गेंदें बल्ले पर जोर से लगती हैं। जब वह सही लय में होता है—जैसा कि वह डीसी के खिलाफ था—तो वह किसी भी बल्लेबाज के लिए एक बुरे सपने जैसा होता है।”
भुवनेश्वर कुमार (3 ओवर में 5 रन देकर 3 विकेट) और जोश हेजलवुड (3.3 ओवर में 12 रन देकर 4 विकेट) की घातक गेंदबाजी के दम पर आरसीबी ने डीसी को 75 रन पर समेट दिया और 6.3 ओवर में 1 विकेट पर 77 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया।

