आईपीएल 2026: हेजलवुड-भुवनेश्वर की आंधी में उड़ी दिल्ली कैपिटल्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की 9 विकेट से जीत

0
4

नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने सोमवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 39वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 9 विकेट से रौंदा। इस शानदार जीत के साथ आरसीबी ने टॉप-2 पायदान पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 8 में से 6 मुकाबले जीतकर फिलहाल दूसरे स्थान पर मौजूद है। वहीं, 8 में से 5 मुकाबले गंवाने के बाद दिल्ली कैपिटल्स सातवें पायदान पर है।

अरुण जेटली स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी दिल्ली कैपिटल्स 16.3 ओवरों में सिर्फ 75 रन पर सिमट गई। इस टीम को दूसरी गेंद पर डेब्यूटेंट साहिल परख (0) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद टीम ने सिर्फ 8 के स्कोर तक अपने 6 विकेट खो दिए।

यहां से डेविड मिलर ने अभिषेक पोरेल के साथ सातवें विकेट के लिए 31 गेंदों में 35 रन जुटाए। डेविड 18 गेंदों में 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि अभिषेक ने 33 गेंदों में 3 चौकों के साथ 30 रन की पारी खेली। इनके अलावा, काइल जैमीसन ने 12 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।

विपक्षी खेमे से जोश हेजलवुड ने 3.3 ओवरों में महज 12 रन देकर 4 विकेट निकाले। इनके अलावा, भुवनेश्वर कुमार ने 3 विकेट हासिल किए। रासिख सलाम डार, सुयश शर्मा और क्रुणाल पांड्या ने 1-1 विकेट निकाला।

आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी ने महज 6.3 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। जैकब बेथेल ने विराट कोहली के साथ 2.5 ओवरों में 26 रन की साझेदारी की। बेथेल 11 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

इसके बाद देवदत्त पड्डिकल ने कोहली के साथ 22 गेंदों में 51 रन की अटूट साझेदारी करते हुए आरसीबी की टीम को आसान जीत दिलाई। कोहली 15 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 23 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि पड्डिकल ने 13 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 34 रन की नाबाद पारी खेली। डीसी की तरफ से एकमात्र सफलता काइल जैमीसन के हाथ लगी।