आईपीएल 2026: ‘किस्मत खराब रही’, रन आउट होकर शतक का मौका चूकने पर बोले मिशेल मार्श

0
4

जयपुर, 19 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच हुए मुकाबले में मिशेल मार्श ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी का नजारा पेश करते हुए फैंस को रोमांचित कर दिया। हालांकि मार्श के लिए दुर्भाग्यपूर्ण यह रहा कि लगातार दूसरे मैच में वह शतक पूरा करने का मौका चूक गए।

एलएसजी की बल्लेबाजी के बाद पारी की चुनौतियों पर मार्श ने कहा, “मुझे लगा कि उन्होंने आखिर में अच्छी गेंदबाजी की। हम शायद एक, दो या तीन और बाउंड्री नहीं लगा पाए। अगर ऐसा होता तो हम सचमुच बहुत खुश होते, लेकिन इसका श्रेय उन्हें जाता है, उन्होंने अच्छी वापसी की और सचमुच बहुत अच्छी गेंदबाजी की।”

जोश इंग्लिस के साथ अपनी साझेदारी पर मार्श ने कहा, “हमने पिछले पांच सालों में खेल को बदलते देखा है। पांच साल पहले, 220 रन बनाकर आप काफी आत्मविश्वास के साथ मैदान से बाहर निकलते थे। फिलहाल ऐसा संभव नहीं है। हमें अच्छी गेंदबाजी करनी होगी और अपनी योजनाओं को बहुत अच्छे से लागू करना होगा। जहां तक जॉशी के साथ मेरी साझेदारी की बात है, हम साथ में बहुत क्रिकेट खेलते हैं। उनके खेलने का अंदाज मुझ पर से काफी दबाव हटा देता है। हमारी आपस में अच्छी बनती है।”

लगातार दूसरे मैच में रन आउट की वजह से अपना शतक गंवाने पर मार्श ने कहा कि किस्मत खराब रही। शायद ऐसा होना भी तय ही था।

मार्श ने जोश इंग्लिस के साथ पहले विकेट के लिए 8.2 ओवर में 109 रन की साझेदारी की। इंग्लिस 29 गेंदों पर 3 छक्के और 7 चौकों की मदद से 60 रन की पारी खेलकर आउट हुए। मार्श ने 57 गेंदों पर 5 छक्कों और 11 चौकों की मदद से 96 रन की पारी खेली। मार्श को यशस्वी जायसवाल ने रन आउट किया। पंत ने 23 गेंदों पर 35 रन बनाए। एलएसजी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए आरआर को 221 रन का लक्ष्य दिया।