आईपीएल 2026 : केकेआर के खिलाफ एलएसजी ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, जॉर्ज लिंडे की वापसी

0
5

लखनऊ, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। ‘आईपीएल 2026’ के 38वें मुकाबले में रविवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) से हो रहा है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।

लखनऊ सुपर जायंट्स ने अपनी प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया है। एम. सिद्धार्थ की जगह पर जॉर्ज लिंडे को मौका दिया गया है। टॉस जीतने के बाद कप्तान पंत ने कहा, “हम पहले गेंदबाजी करेंगे। प्लेइंग इलेवन में सिर्फ एक बदलाव है। सिद्धार्थ की जगह लिंडे टीम में आए हैं। हम इस पर काम कर रहे हैं। हमें कोई न कोई रास्ता निकालना होगा, और हम उसके काफी करीब हैं। हमें पता है कि हम यहां से इस सीजन का रुख बदल सकते हैं, और मुझे पूरा भरोसा है।”

केकेआर ने अपनी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। टॉस हारने के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, “हम पहले बल्लेबाजी करना चाहते थे। इस समय यह देखना जरूरी है कि हम एक टीम के तौर पर कैसा खेल रहे हैं। बल्लेबाजी यूनिट को वह आजादी देना जरूरी है। हमें उन परिस्थितियों का आकलन करना होगा। हम उसी टीम के साथ उतर रहे हैं। वह जीत बहुत अच्छी थी। बात हमेशा सुधार की होती है। हमने कुछ अच्छे प्रैक्टिस सेशन किए हैं, और अब हम मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।”

ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन इस सीजन अब तक निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक खेले 7 मुकाबलों में से सिर्फ 2 में जीत दर्ज की है, जबकि 5 मुकाबलों में एलएसजी को हार का सामना करना पड़ा है। एलएसजी के बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। निकोलस पूरन, पंत, एडेन मार्करम और आयुष बदोनी बुरी तरह से फेल रहे हैं। हालांकि, गेंदबाजी में मोहम्मद शमी और प्रिंस यादव ने प्रभावित किया है। वहीं, मोहसिन खान ने भी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेले गए आखिरी मुकाबले में सिर्फ 17 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे।

दूसरी तरफ, केकेआर आईपीएल 2026 में खेले 7 मुकाबलों में से सिर्फ एक में जीत हासिल कर सकी है। 5 मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है, तो एक मैच बेनतीजा रहा है। केकेआर के बल्लेबाजों का प्रदर्शन इस सीजन निराशाजनक रहा है। टिम सीफर्ट और कप्तान अजिंक्य रहाणे टीम को अच्छी शुरुआत देने में नाकाम रहे हैं। वहीं, कैमरून ग्रीन और रोवमैन पॉवेल भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके हैं। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ आखिरी मुकाबले में रिंकू सिंह अच्छी लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 53 रनों की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई थी।

कोलकाता नाइट राइडर्स की प्लेइंग इलेवन: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी, रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा और कार्तिक त्यागी।

लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्कराम, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, मुकुल चौधरी, जॉर्ज लिंडे, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह राठी और मोहसिन खान।