पीएम मोदी की हुगली रैली में पहुंचे लोग बोले-हर जगह है भ्रष्टाचार, अब बदलाव चाहिए

0
5

हुगली, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को हुगली में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने टीएमसी शासन की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि तृणमूल कांग्रेस के ‘महाजंगलराज’ की सबसे बड़ी पीड़ित बंगाल की बहनें और बेटियां हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि बहनों के साथ सबसे बड़ा धोखा हुआ है, इसलिए इस बार सबसे अधिक गुस्सा बहनों में ही दिख रहा है। संदेशखाली में बहनों के साथ गुंडे अन्याय करते रहे। टीएमसी की निर्मम सरकार गुंडों का साथ देती रही। बंगाल के भाइयों और बहनों, इसे कभी भूलना नहीं है।

उन्होंने कहा कि टीएमसी शासन में बेटियां लापता हो रही हैं, लेकिन सरकार सोई पड़ी है। अब और नहीं। 4 मई के बाद भाजपा सरकार इन गुंडों का चुन-चुनकर हिसाब लेगी।

पीएम मोदी ने भाजपा सरकार बनने पर महिलाओं के लिए घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में बंगाल की बहनों को बीमारी का इलाज टालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। सरकार पांच लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज देगी। जन औषधि केंद्रों पर 80 प्रतिशत छूट पर दवाएं उपलब्ध होंगी। ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर की जांच व टीकाकरण मुफ्त होगा। गर्भावस्था के दौरान 21,000 रुपए और बेटियों की ग्रेजुएशन के लिए 50,000 रुपए की मदद भी दी जाएगी।

पीएम मोदी को सुनने के लिए जनसैलाब उमड़ा था। कुछ लोगों के साथ आईएएनएस ने बातचीत की। बातचीत में स्थानीय लोगों ने माना कि बंगाल में परिवर्तन की जरूरत है।

अमित ने कहा कि पीएम मोदी की रैली में जलसैलाब देखने को मिला। इस बार बदलाव होगा। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बंगाल की स्थिति से अवगत कराया है। महिला सुरक्षा को लेकर पीएम मोदी ने कहा है कि सिस्टम को बदलना होगा। उन्होंने कहा कि बंगाल में माहौल भाजपा के पक्ष में है, भाजपा की सरकार बनने वाली है।

श्रेया यादव ने कहा कि 15 साल तक टीएमसी का शासन देख लिया। अब बदलाव चाहिए, इस बार भाजपा की सरकार चाहिए।

एक अन्य शख्स ने कहा कि पीएम मोदी यहां आए थे। हमने सोचा है कि वर्तमान सरकार को बदलना चाहिए। हर जगह भ्रष्टाचार है। सरकारी ऑफिस में रिश्वत दिए बिना कोई काम नहीं होता। इस बार हम जय श्रीराम का झंडा बुलंद करेंगे।