Saturday, May 23, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2026: एलएसजी के खिलाफ पंजाब किंग्स को सपोर्ट करने लखनऊ पहुंचे...

आईपीएल 2026: एलएसजी के खिलाफ पंजाब किंग्स को सपोर्ट करने लखनऊ पहुंचे फैंस, प्लेऑफ में पहुंचने की जताई उम्मीद

0
6

लखनऊ, 23 मई (आईएएनएस)। पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) और लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के बीच शनिवार को भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2026 का निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए पीबीकेएस को हर हाल में यह मैच जीतना होगा।

इस मुकाबले को देखने स्टेडियम पहुंचे एक फैन ने ‘आईएएनएस’ से कहा, “हमें इस मैच में श्रेयस अय्यर से खासा उम्मीदें हैं। अर्शदीप सिंह बेहद अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। बाकी सरपंच साहब (अय्यर) तो बल्लेबाजी में कमाल दिखा ही रहे हैं। हम इस मुकाबले को लेकर काफी उत्साहित हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि पंजाब किंग्स ही इस मैच को अपने नाम करेगी।”

पंजाब किंग्स के एक फैन ने कहा, “आज पंजाब किंग्स इस मैच को अपने नाम करते हुए प्लेऑफ की रेस में खुद को बनाए रखेगी। अय्यर अपना शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। लखनऊ सुपर जायंट्स अपने ही घर में इस मैच को गंवाएगी।”

लखनऊ सुपर जायंट्स के एक फैन ने कहा, “इस मुकाबले में एलएसजी अपना शत प्रतिशत देने उतरी है। भले ही यह टीम खिताबी रेस से बाहर है, लेकिन मुझे उम्मीद है कि ऋषभ पंत की कप्तानी में आज एलएसजी फैंस को निराश नहीं करेगी।”

एक अन्य फैन ने कहा, “अगर लखनऊ सुपर जायंट्स इस मैच को अपने नाम कर भी लेती है, तो भी प्लेऑफ की रेस से पहले ही बाहर है। पंजाब के लिए यह ‘करो या मरो’ का मैच है। हम चाहते हैं कि पंजाब किंग्स इस मुकाबले को अपने नाम करे और अगले मैच में राजस्थान रॉयल्स को हार मिले, ताकि पीबीकेएस प्लेऑफ का अंतिम टिकट अपने नाम कर सके। हमारी नजरें प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य पर होंगी।”

एक फैन ने कहा, “राजस्थान रॉयल्स इस मैच को हारेगी और पंजाब किंग्स प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करेगी। आज हमारी टीम न सिर्फ गेंदबाजी में, बल्कि बल्लेबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करेगी। हम इस मैच को लेकर बेहद उत्साहित हैं।”

ऋषभ पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जाइंट्स जोश इंगलिस, अर्शिन कुलकर्णी, निकोलस पूरन, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, अर्जुन तेंदुलकर, मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान के साथ इस मैच में उतरी है।

वहीं, पंजाब किंग्स की प्लेइंग इलेवन में प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), प्रियांश आर्य, कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को जानसेन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल शामिल हैं।