Monday, June 15, 2026
SGSU Advertisement
Home खेल आईपीएल 2026 : मुंबई इंडियंस की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, रोहित की...

आईपीएल 2026 : मुंबई इंडियंस की बढ़ सकती हैं मुश्किलें, रोहित की हैमस्ट्रिंग इंजरी का होगा स्कैन

0
33

नई दिल्ली, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में तीन मैच हार चुकी मुंबई इंडियंस (एमआई) की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की इंजरी की गंभीरता को समझने के लिए स्कैन कराया जाएगा। रोहित रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ 19 रन बनाने के बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए थे और दोबारा बल्लेबाजी करने मैदान पर नहीं उतरे थे।

‘क्रिकबज’ की खबर के अनुसार, रोहित शर्मा अपनी हैमस्ट्रिंग की इंजरी की गंभीरता को समझने के लिए स्कैन करवाएंगे। 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के अगले मैच के लिए एमआई के इस स्टार बल्लेबाज की उपलब्धता चोट के स्कैन के नतीजों पर निर्भर करेगी। 38 साल के रोहित आरसीबी के खिलाफ पारी के छठे ओवर में रिटायर्ड हर्ट हो गए और मैदान छोड़ दिया। उन्होंने मैदान छोड़ने से पहले 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाए।

पावरप्ले के आखिरी ओवर में रसिख सलाम की दूसरी गेंद का सामना करने के बाद वह दिक्कत में दिखाई दिए थे और उन्हें आखिर में मैदान से बाहर जाना पड़ा था।

रिटायर्ड हर्ट होने से पहले उस ओवर की पहली गेंद से पहले मुंबई इंडियंस के फिजियो ने रोहित का इलाज किया था। रोहित का काफी देर तक ग्राउंड पर ही इलाज चला था। इसके बाद वह दूसरी गेंद का सामना करने के लिए लौटे, लेकिन उस बॉल पर डिफेंड करने के बाद रिटायर्ड हर्ट होकर चले गए। रोहित की सही स्थिति स्कैन के नतीजों से ही साफ होगी कि चोट कितनी गंभीर है।

रोहित की इंजरी कितनी गंभीर है, इसका अभी पता नहीं लग सका है। मैच के बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने रोहित की इंजरी को लेकर कहा था, “मुझे अभी पूरी तरह से पक्का नहीं पता। शायद यह हैमस्ट्रिंग की थोड़ी दिक्कत है, लेकिन मैं पक्के तौर पर नहीं कह सकता। मैं डगआउट में था, इसलिए मुझे इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है।”

रोहित ने आईपीएल 2026 में अब तक खेले 4 मुकाबलों में 137 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतकीय पारी भी शामिल है। रोहित आरसीबी के खिलाफ भी अच्छी लय में दिखाई दे रहे थे। रोहित ने रिटायर्ड हर्ट होने से पहले आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए 6 हजार रन पूरे किए। वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले विराट कोहली के बाद महज दूसरे खिलाड़ी बने। रोहित पिछले 15 वर्षों से मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए हैं और अपनी कप्तानी में टीम को 5 आईपीएल ट्रॉफी भी दिला चुके हैं।