आईपीएल 2026: मुंबई इंडियंस को राहत, आरसीबी के खिलाफ मुकाबले में उतरेंगे सूर्यकुमार यादव

0
6

नई दिल्ली, 9 मई (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच रविवार को रायपुर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का 54वां मैच खेला जाना है, जिसमें खेलने के लिए एमआई के दिग्गज बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव पूरी तरह से तैयार हैं। सूर्या हाल ही में पिता बने हैं, लेकिन परिवार में नए सदस्य के आने के ठीक 48 घंटे बाद वह आईपीएल मैच के लिए रायपुर पहुंच जाएंगे।

‘क्रिकबज’ के मुताबिक, सूर्या ने अपनी उपलब्धता को लेकर टीम मैनेजमेंट को बता दिया है। अब जल्द ही उनके रायपुर पहुंचने की उम्मीद है। यह हार्दिक पांड्या की रिकवरी पर निर्भर करेगा कि क्या सूर्यकुमार यादव उनके स्थान पर इस मैच के लिए टीम की कमान संभालेंगे या नहीं? क्योंकि पांड्या पीठ में खिंचाव के कारण लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक पांड्या ने शुक्रवार को फिटनेस टेस्ट पास किया है। अब सब कुछ मुंबई इंडियंस के स्पोर्ट्स मेडिसिन के हेड बेन लैंगली और फिजियो नितिन पटेल पर निर्भर करता है। भले ही पांड्या ने रायपुर में टीम के साथ अभ्यास नहीं किया, लेकिन उम्मीद है कि वह शाम को बाद में अभ्यास करेंगे।

मुंबई इंडियंस फिलहाल 10 में से 7 मैच गंवाकर प्वाइंट्स टेबल में 9वें पायदान पर मौजूद है। इस टीम ने अपना पहला मैच 6 विकेट से जीता था, जिसके बाद लगातार 4 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद एमआई ने गुजरात टाइटंस (जीटी) के विरुद्ध मुकाबला जीता, लेकिन फिर उसे लगातार 3 मैच में हार का सामना करना पड़ा। भले ही एमआई ने अपने पिछले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को शिकस्त देकर फिर से जीत की राह पकड़ी है, लेकिन अगले चार मैच जीतकर भी उसके पास 14 ही अंक होंगे। आमतौर पर आखिरी 4 (प्लेऑफ) के चरण में पहुंचने के लिए 16 अंकों की दरकार होती है।

रविवार को रायपुर में आरसीबी के खिलाफ मैच के बाद एमआई 14 मई को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुकाबले के लिए धर्मशाला जाएगी। इसके बाद 20 मई को कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाफ ईडन गार्डन्स में मुकाबला खेला जाएगा। 24 मई को वानखेड़े में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले के साथ मुंबई इंडियंस अपने लीग चरण का समापन करेगी।