Tuesday, July 28, 2026
SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय ईरान-अमेरिका संघर्ष विराम बनाए रखने पर जॉर्डन और संयुक्त राष्ट्र का जोर

ईरान-अमेरिका संघर्ष विराम बनाए रखने पर जॉर्डन और संयुक्त राष्ट्र का जोर

0
7

अम्मान, 28 जुलाई (आईएएनएस)। जॉर्डन के विदेश मंत्री अयमान सफादी और संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अम्मान में मुलाकात कर पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति पर चर्चा की।

दोनों ने अमेरिका और ईरान के बीच हुए युद्धविराम का पालन सुनिश्चित करने तथा तनाव कम करने के लिए बातचीत फिर से शुरू करने की आवश्यकता पर बल दिया। गुटेरेस सोमवार (27 जुलाई) को जॉर्डन में थे।

जॉर्डन सरकार की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों ने क्षेत्र में जारी खतरनाक तनाव के प्रभावों और स्थायी शांति एवं सुरक्षा बहाल करने के प्रयासों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने इस बात पर सहमति जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम का पूरी तरह पालन होना चाहिए और तनाव के सभी मूल कारणों के समाधान के लिए व्यापक वार्ता फिर से शुरू की जानी चाहिए। साथ ही, अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप होर्मुज स्ट्रेट में नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया।

साथ ही बैठक में अधिकृत फिलिस्तीनी क्षेत्रों की स्थिति पर भी चर्चा हुई। सफादी ने गाजा में मानवीय संकट को समाप्त करने के लिए तत्काल कदम उठाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की गाजा योजना के सभी प्रावधानों को लागू करने और गाजा पट्टी में पर्याप्त मानवीय सहायता पहुंचाने में बाधा बन रही इजराइली पाबंदियों को हटाने की मांग की।

इसी बीच, जॉर्डन ने मंगलवार तड़के अपने हवाई क्षेत्र में घुसे एक ड्रोन को मार गिराने का दावा किया। सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा के अनुसार, ड्रोन को देश के पूर्वी रेगिस्तानी इलाके में निशाना बनाया गया।

इस घटना से कुछ समय पहले इजरायली सेना ने भी बताया था कि उसने जॉर्डन सीमा के निकट एक ड्रोन को इंटरसेप्ट किया। इजराइल का कहना है कि ड्रोन उसकी सीमा के भीतर प्रवेश नहीं कर पाया था।

हालांकि, जॉर्डन और इजरायल दोनों ने अभी तक यह नहीं बताया है कि ड्रोन किसने भेजा था, वह कहां से आया था और उसका संभावित लक्ष्य क्या था। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच इस घटना ने सुरक्षा संबंधी चिंताओं को और बढ़ा दिया है।