जबलपुर के बरगी डैम में सैलानियों से भरा क्रूज डूबा, 4 की मौत, 15 को सुरक्षित निकाला गया

0
4

जबलपुर/भोपाल, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में नर्मदा नदी पर स्थित बरगी डैम में गुरुवार को बड़ा हादसा हो गया, यहां सैलानियों से भरा क्रूज बांध में डूब गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है, जिनके शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं, 15 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। राहत और बचाव कार्य जारी है। मिली जानकारी के अनुसार क्रूज में सैलानी सवार थे और बरगी डैम में प्रकृति का आनंद ले रहे थे।

इसी दौरान तेज हवा और आंधी चली, जिसके चलते क्रूज का संतुलन गड़बड़ा गया। देखते ही देखते यह क्रूज पानी में जा समाया। इस हादसे की जानकारी मिलने के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। राहत और बचाव कार्य में अब तक चार सैलानियों के शव बरामद किए जा चुके हैं, वहीं 15 सैलानियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। इसके अलावा कई लोगों के अभी भी लापता होने की बात सामने आ रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है, लापता लोगों की खोज हो रही है।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जबलपुर में तेज आंधी-तूफान के कारण बरगी डैम में हुए क्रूज हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह हादसा पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री यादव ने लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को तत्काल प्रभावित क्षेत्र में पहुंचने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने जबलपुर संभाग प्रभारी एसीएस, एडीजी और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को भी मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री यादव ने इस हादसे में दिवंगत नागरिकों के परिजन को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रभावित व्यक्तियों और परिवारों को हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है। स्थानीय प्रशासन की सहायता से रेस्क्यू फोर्स सक्रिय है। त्वरित बचाव कार्य से 15 नागरिकों को सकुशल बचा लिया गया है। जो नागरिक लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पर्यटन विभाग और क्रूज संचालन का प्रबंधन और पर्यटकों के भ्रमण का दायित्व संभालने वाले व्यक्तियों द्वारा लाइफ सेविंग जैकेट की व्यवस्था से जानें बचाने में सफलता मिली। दरअसलस जबलपुर में तेज आंधी तूफान के कारण हुए क्रूज हादसे के पश्चात 15 व्यक्तियों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हादसे में चार व्यक्तियों की मृत्यु की पुष्टि हुई है। शेष व्यक्ति की तलाश और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। जबलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित एसडीआरएफ एवंअन्य बचाव दल घटना स्थल पर मौजूद रहकर राहत और बचाव कार्य में सक्रिय हैं।