Tuesday, August 25, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जादवपुर विश्वविद्यालय मामले में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सख्त, जांच के दिए निर्देश

जादवपुर विश्वविद्यालय मामले में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सख्त, जांच के दिए निर्देश

0
4

कोलकाता, 24 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने जादवपुर विश्वविद्यालय के आर्ट्स डिवीजन बॉयज हॉस्टल परिसर में कथित आपत्तिजनक और राष्ट्रविरोधी दीवार लेखन (ग्राफिटी) एवं चित्रों को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिकायत प्रकोष्ठ को विश्वविद्यालय के कुछ छात्रों की ओर से वीडियो और तस्वीरें प्राप्त हुई हैं, जिनमें हॉस्टल परिसर में आपत्तिजनक, हिंसक और कथित तौर पर भारत विरोधी संदेशों वाले चित्र और ग्राफिटी दिखाई दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा कि शैक्षणिक संस्थान शिक्षा, अकादमिक उत्कृष्टता और राष्ट्र निर्माण के पवित्र केंद्र होते हैं। ऐसे में किसी भी स्थिति में विश्वविद्यालय परिसर को विकृत प्रचार या भारत विरोधी विचारों के प्रसार का मंच नहीं बनने दिया जाएगा।

उन्होंने जादवपुर विश्वविद्यालय के कुलपति, उच्च शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव और अन्य संबंधित अधिकारियों से मामले की तत्काल जांच कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे पहले आर्ट्स डिवीजन बॉयज हॉस्टल क्षेत्र का भौतिक सत्यापन किया जाए और यदि ऐसे ग्राफिटी एवं चित्र मौजूद पाए जाते हैं तो इनके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार राज्य में किसी भी प्रकार की राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाती है, विशेषकर शैक्षणिक संस्थानों के परिसरों में। उन्होंने संबंधित विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि अकादमिक वातावरण की गरिमा बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। यदि जांच में राष्ट्रविरोधी संदेशों और आपत्तिजनक चित्रों की पुष्टि होती है, तो उन्हें तत्काल हटाया जाए, जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय की जाए और उनके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल के शैक्षणिक संस्थान प्रतिभा, अनुशासन और शिक्षा के केंद्र बने रहने चाहिए, न कि विभाजनकारी विचारों और असामाजिक गतिविधियों के मंच। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा और परिसर में स्वस्थ शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करेगा।