SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जगद्गुरु कृपालु महाराज पुण्यतिथि विशेष: 34 वर्ष की आयु में मिला ‘जगद्गुरु’...

जगद्गुरु कृपालु महाराज पुण्यतिथि विशेष: 34 वर्ष की आयु में मिला ‘जगद्गुरु’ का सम्मान, लोगों को भक्ति के मार्ग से जोड़ा

0
3

नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की आध्यात्मिक परंपरा में अनेक संत, गुरु और जगद्गुरु हुए हैं, जिन्होंने अपने ज्ञान, विचारों और उपदेशों से समाज को नई दिशा दी। इन्हीं महान आध्यात्मिक विभूतियों में जगद्गुरु कृपालु महाराज का नाम विशेष स्थान रखता है। उन्हें ‘जगद्गुरुत्तम’ की उपाधि से विभूषित किया गया था। वे न केवल भारत बल्कि दुनियाभर में राधा-कृष्ण भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए प्रसिद्ध थे। उनकी शिक्षाओं ने लाखों लोगों को भक्ति और आध्यात्म के मार्ग से जोड़ा।

जगद्गुरु कृपालु महाराज की 15 नवंबर को पुण्यतिथि है। उन्होंने 15 नवंबर 2013 को 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। 10 नवंबर 2013 को प्रतापगढ़ स्थित अपने आश्रम में बाथरूम में फिसलकर गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट आई थी। इसके बाद वे अचेत अवस्था में चले गए। उन्हें बेहतर इलाज के लिए गुड़गांव (अब गुरुग्राम) के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका निधन हो गया था।

वहीं, जगद्गुरु कृपालु महाराज का जन्म 6 अक्टूबर 1922 को शरद पूर्णिमा की मध्यरात्रि में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के मनगढ़ गांव में हुआ था। उनका मूल नाम रामकृपालु त्रिपाठी था। उनके पिता का नाम ललिता प्रसाद और माता का नाम भगवती देवी था।

कृपालु महाराज ने प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए मध्य प्रदेश का रुख किया। बताया जाता है कि उन्होंने कम उम्र में ही आध्यात्मिक ज्ञान की प्राप्ति कर ली थी। इसके बाद उनका विवाह हुआ और उन्होंने कुछ समय गृहस्थ जीवन भी बिताया। उनके परिवार में दो बेटे घनश्याम और बालकृष्ण त्रिपाठी तथा तीन बेटियां विशाखा, श्यामा और कृष्णा हैं।

हालांकि, उनका मन धीरे-धीरे सांसारिक जीवन से हटकर आध्यात्म और राधा-कृष्ण की भक्ति में रमने लगा। उन्होंने अपना जीवन भक्ति योग, प्रेम और आध्यात्मिक ज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित कर दिया।

कृपालु महाराज के ज्ञान और शास्त्रों पर असाधारण अधिकार के कारण उनकी ख्याति तेजी से फैलने लगी। उनके प्रवचनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होने लगे। वे वेद, उपनिषद, पुराण, श्रीमद्भगवद्गीता और वेदांत सूत्रों सहित विभिन्न धार्मिक ग्रंथों का गहन ज्ञान रखते थे।

उनकी विलक्षण स्मरण शक्ति का अंदाजा इसी बात से लगाया जाता था कि वे अपने प्रवचनों में संस्कृत के श्लोकों और मंत्रों को उनके संदर्भ सहित प्रस्तुत करते थे। 14 जनवरी 1957 को मकर संक्रांति के अवसर पर वाराणसी की काशी विद्वत परिषद ने उन्हें ‘जगद्गुरु’ की उपाधि से सम्मानित किया। उस समय उनकी उम्र महज 34 वर्ष थी। बाद में उन्हें ‘जगद्गुरुत्तम’ की उपाधि से भी विभूषित किया गया।

जगद्गुरु कृपालु महाराज की सबसे प्रसिद्ध रचनाओं में वृंदावन स्थित भव्य प्रेम मंदिर का विशेष स्थान है। भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी को समर्पित इस मंदिर का शिलान्यास किया गया था। इसके निर्माण में लगभग 11 वर्ष लगे और 17 फरवरी 2012 को यह पूरी तरह बनकर तैयार हुआ।

करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित इस मंदिर में इटालियन संगमरमर का इस्तेमाल किया गया है। उत्तर प्रदेश और राजस्थान के लगभग एक हजार कुशल शिल्पकारों ने अपनी कला से इस मंदिर को भव्य स्वरूप प्रदान किया। आज प्रेम मंदिर देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।

कृपालु महाराज ने केवल आध्यात्मिक ज्ञान के प्रचार तक ही स्वयं को सीमित नहीं रखा बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी योगदान दिया। उन्होंने वृंदावन और बरसाना में अस्पतालों की स्थापना कराई। इसके अलावा हिंदू धर्म, योग और आध्यात्मिक शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए भारत में चार तथा अमेरिका में एक केंद्र की स्थापना की। वे जगद्गुरु कृपालु परिषद के संस्थापक संरक्षक भी रहे।

प्रतापगढ़ जिले की कुंडा तहसील के मनगढ़ में स्थित उनका प्रमुख आश्रम आज भी उनके अनुयायियों के लिए विशेष आस्था का केंद्र है।

जगद्गुरु कृपालु महाराज का जीवन भक्ति, प्रेम, सेवा और आध्यात्मिक ज्ञान का संदेश देता है। उन्होंने राधा-कृष्ण की भक्ति को अपने जीवन का आधार बनाया और लाखों लोगों को इस मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनके द्वारा स्थापित संस्थान, प्रेम मंदिर और विभिन्न सेवा परियोजनाएं आज भी उनके विचारों और कार्यों की याद दिलाती हैं। भले ही वे आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी आध्यात्मिक शिक्षाएं और भक्ति का संदेश आज भी उनके अनुयायियों के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं।