नई दिल्ली, 20 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के जहांगीरपुरी थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की मौत को लेकर कस्टोडियल डेथ का मामला सामने आने की बात कही जा रही है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा है, हालांकि पुलिस की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है और आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित व्यक्ति इलाके में संदिग्ध हालत में घूमता हुआ पाया गया था। इसके बाद पुलिस उसे पूछताछ के लिए जहांगीरपुरी थाने ला रही थी। बताया जा रहा है कि थाने लाते समय रास्ते में ही उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस तुरंत उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन इलाज के दौरान ही युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठने लगे हैं और इसे कस्टोडियल डेथ के रूप में देखा जा रहा है।
प्राथमिक जांच और डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की मौत की वजह डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की गंभीर कमी बताई जा रही है। डॉक्टरों ने यह भी साफ किया है कि युवक के शरीर पर किसी तरह के चोट, जख्म या मारपीट के निशान नहीं पाए गए हैं, जिससे फिलहाल किसी तरह की हिंसा की पुष्टि नहीं होती है।
इसके बावजूद, इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में व्यक्ति की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हुई।
फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही मौत के असली कारणों की पूरी तरह पुष्टि हो सकेगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले में सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

