SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘जय मोदी’ डांडिया कर सीएम रेखा गुप्ता ने हिंदू आस्था का किया...

‘जय मोदी’ डांडिया कर सीएम रेखा गुप्ता ने हिंदू आस्था का किया अपमान: सौरभ भारद्वाज

0
2

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी (आप) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने नवरात्र के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के ‘जय मोदी’ डांडिया से जुड़े एक वीडियो को साझा करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘जय मोदी’ डांडिया करके हिंदू आस्था का अपमान किया है। भारद्वाज ने कहा कि डांडिया मां दुर्गा की आराधना और भक्ति से जुड़ा पर्व है, न कि किसी राजनीतिक नेता के प्रचार का माध्यम।

सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भाजपा की कार्यशैली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को यह समझना चाहिए कि डांडिया ‘जय मां दुर्गा’ के लिए होता है, ‘जय मोदी’ के लिए नहीं। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था के साथ अनुचित व्यवहार बताते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों को राजनीतिक प्रचार का जरिया नहीं बनाया जाना चाहिए।

आप प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि दिल्ली की जनता से टैक्स के रूप में मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल भाजपा अपने राजनीतिक प्रचार के लिए कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता के पैसे का उपयोग किसी राजनीतिक दल के प्रचार और हितों को साधने के लिए नहीं किया जा सकता। सरकारी संसाधनों और सार्वजनिक धन का इस्तेमाल जनहित के कार्यों के लिए होना चाहिए, न कि किसी पार्टी की छवि चमकाने के लिए।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यदि सरकारी धन का उपयोग किसी राजनीतिक दल के प्रचार के लिए किया गया है, तो इसकी जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे आयोजनों पर खर्च होने वाली रकम का हिसाब कौन देगा और क्या सार्वजनिक धन के इस्तेमाल की निष्पक्ष जांच होगी। सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) से इस मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की कि ऐसे कार्यक्रमों पर खर्च किए गए सरकारी पैसे की जांच के आदेश दिए जाएं, जिनके माध्यम से कथित तौर पर किसी राजनीतिक दल का प्रचार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में सरकारी धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए और नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए। भारद्वाज ने यह भी कहा कि यदि संस्थाएं निष्पक्ष तरीके से काम कर रही होतीं, तो मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से इस तरह खर्च की गई राशि की वसूली की जाती। इस पूरे मामले में सौरभ भारद्वाज के बयान ने धार्मिक आयोजनों में राजनीतिक नारों और सार्वजनिक धन के इस्तेमाल को लेकर सवाल खड़े किए हैं। आप नेता ने मुख्यमंत्री के वीडियो को आधार बनाकर भाजपा पर धार्मिक आस्था को राजनीतिक प्रचार से जोड़ने का आरोप लगाया है।

–आईएएनएस

पीकेटी/पीएम