Saturday, July 11, 2026
SGSU Advertisement
Home अपराध जम्मू-कश्मीर: गांदरबल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन तस्कर गिरफ्तार

जम्मू-कश्मीर: गांदरबल पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन तस्कर गिरफ्तार

0
12

गांदरबल, 20 मई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गांदरबल पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। ‘नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर’ अभियान के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से हेरोइन जैसे नशीला पदार्थ भी बरामद किए गए हैं। अब पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन खीरभवानी के अधिकार क्षेत्र में की गई। दुमकदल चौक पर पुलिस की ओर से नियमित नाका चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान गांदरबल से बारसू की ओर जा रही एक स्कॉर्पियो गाड़ी को रोककर जांच की गई। पुलिस को गाड़ी में सवार लोगों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद वाहन और उसमें बैठे लोगों की गहन तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने गाड़ी के अंदर से और आरोपियों के कब्जे से हेरोइन बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने बिना देर किए तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। बरामद नशीले पदार्थ को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्त कर लिया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान जहांगीर अहमद जान उर्फ ‘जाना’ पुत्र मोहम्मद शफी निवासी ट्रीसा सफापोरा, जुनैद जहूर भट पुत्र जहूर अहमद निवासी वारिपोरा सफापोरा और जहांगीर अहमद भट पुत्र गुलाम मोहम्मद निवासी बटपोरा सफापोरा के रूप में हुई है। इनमें से जहांगीर अहमद जान स्कॉर्पियो चला रहा था।

पुलिस ने इस मामले में पुलिस स्टेशन खीरभवानी में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपियों का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है और नशीले पदार्थ की सप्लाई कहां से की जा रही थी?

गांदरबल पुलिस ने साफ कहा कि नशे के खिलाफ उनका अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों, खासकर युवाओं, से अपील की है कि अगर उन्हें अपने आसपास नशा तस्करी या नशीले पदार्थों के सेवन से जुड़ी कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि समाज को नशामुक्त बनाने के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।