Tuesday, July 21, 2026
SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल जई घाटी में एसओजी टीम से हथियार छीनने...

जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थल जई घाटी में एसओजी टीम से हथियार छीनने की कोशिश, एक युवक की मौत, तीन जवान घायल

0
9

जम्मू, 17 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के डोडा में कथित तौर पर स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) की टीम से हथियार छीनने की कोशिश की गई। इस घटना में हथियार छीनने वाले युवक की मौत हो गई, जबकि तीन जवान घायल हुए हैं। एहतियात के तौर पर पूरे डोडा जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह घटना डोडा जिले के भद्रवाह में ऊंचे पहाड़ी क्षेत्र स्थित पर मौजूद पर्यटन स्थल ‘जई घाटी’ में हुई। एक युवक ने कथित तौर पर स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) की टीम पर हमला किया और उनकी राइफल छीनने की कोशिश की। इस दौरान हुई फायरिंग में युवक की मौत हो गई और तीन जवान घायल हो गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, एसओजी की टीम ने ऊंचे पहाड़ी इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों की खबरों के बाद भद्रवाह से 35 किमी दूर जाई-गांडोह रोड पर घात लगाकर निगरानी शुरू की थी। रात 11.30 बजे उन्होंने एक युवक को रोका, जिसने कथित तौर पर उन पर हमला किया और राइफल छीनने की कोशिश की।

अधिकारियों के अनुसार, हाथापाई के दौरान एसओजी के जवान ने फायरिंग की, जिसमें युवक को गोली लग गई और तीन पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। घायलों को पहले एसडीएच भद्रवाह लाया गया और वहां से उन्हें जीएमसी डोडा रेफर कर दिया गया। हालांकि, गोली लगने से घायल हुए व्यक्ति की मौत हो गई।

मृतक की पहचान आरिफ हुसैन (30) के तौर पर हुई है, जो भद्रवाह के भल्ला गांव का रहने वाला था। फिलहाल, पुलिस टीम इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है। वहीं, एहतियात के तौर पर डोडा में मोबाइल इंटरनेट सेवा को बंद किया गया है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग हिस्सों में आतंकी गतिविधियों की सूचनाएं मिलती रही हैं। बीते दिनों राजौरी जिले में भी दो संदिग्ध व्यक्तियों को देखा गया था। सीसीटीवी में दिखाई दिए दोनों संदिग्धों की गतिविधियां जांच के दायरे में हैं।