जामनगर, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीएम आवास योजना-शहरी 2.0 आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को अपना पक्का घर बनाने और जीवन स्तर बेहतर करने में मदद कर रही है। गुजरात के जामनगर में इस योजना के लाभार्थी बता रहे हैं कि किस तरह इस योजना ने उनके जीवन में सुरक्षा, खुशी और नए अवसर लाए हैं।
जामनगर के गुलाब नगर के पास स्थित मोहन नगर में रहने वाले राजेंद्रभाई का मकान जर्जर हालत में था। बरसात के मौसम में उनके घर में पानी घुस जाता था। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी मिली। योजना के तहत आर्थिक सहायता मिलने से वह अपना पक्का मकान बनाने में सफल रहे। राजेंद्रभाई ने कहा कि अपना घर बनने से उनका परिवार खुश है और उनके जीवन स्तर में भी सुधार आया है।
आईएएनएस से बातचीत में उन्होंने कहा कि पहले मकान जर्जर हालत में था और बरसात के दिनों में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उनकी आर्थिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत उन्हें चार लाख रुपये का लोन मिला, जिससे वह अपना पक्का मकान बना पाए। वह जीवन में कभी ऐसा घर नहीं बना सकते थे। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से वह पीएम मोदी के नेतृत्व में विभिन्न योजनाओं का लाभ लेते आ रहे हैं। जब वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्हें कई योजनाओं का लाभ मिला और अब नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद भी उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस योजना का लाभ सभी जरूरतमंद लोगों को मिलना चाहिए।
लाभार्थी की पत्नी मयूरी ने कहा कि पहले उनका घर कच्चा था। जब उन्हें इस योजना के बारे में जानकारी मिली, तो उन्होंने इसका लाभ लिया। प्रधानमंत्री मोदी ने बहुत अच्छा काम किया है। पक्का मकान बनने से उनका सपना पूरा हो गया है। उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि जिंदगी में वह इतना अच्छा मकान बना पाएंगे।
योजना की एक अन्य लाभार्थी मनीषभाई हीरालाल सोलंकी भी जामनगर के मोहन नगर में रहती हैं। पहले वह घर-घर जाकर दूध पहुंचाते थे और इसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। योजना का लाभ लेकर उन्होंने अपना पक्का मकान बनाया। इसके बाद उन्होंने अपनी आजीविका को आगे बढ़ाया और आज उनकी अपनी डेयरी की दुकान है, जहां लोग दूध खरीदने आते हैं। इस तरह वह आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
लाभार्थी मनीषभाई ने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री मोदी की योजना का लाभ मिला है। पहले कच्चा मकान होने से उनके छोटे बच्चों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था और घर में पानी भी घुस जाता था। उन्होंने इस योजना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।
ममता सोलंकी ने कहा कि उन्हें हमेशा सरकार की योजनाओं का लाभ और सहायता मिलती रही है। उन्होंने बताया कि पहले उनका मकान बहुत छोटा था और आर्थिक स्थिति भी काफी खराब थी। योजना के बारे में जानकारी मिलने के बाद उन्होंने इसका लाभ लिया और अब उन्होंने एक अच्छा मकान बनाया है। अब उनका परिवार पहले से बेहतर स्थिति में रह रहा है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का आभार जताया।
प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी 2.0 के तहत पात्र आर्थिक रूप से कमजोर शहरी परिवारों को अपना घर बनाने के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। इस योजना का उद्देश्य लोगों के अपने घर का सपना पूरा करना, उन्हें सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना और उनके जीवन स्तर में सुधार लाना है।
जामनगर के इन लाभार्थियों के लिए यह योजना केवल मकान बनाने तक सीमित नहीं है बल्कि यह उनके जीवन में सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी लेकर आई है। उनकी कहानियां बताती हैं कि आवास सहायता से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ सकता है।

