SGSU Advertisement
Home राजनीति जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी जमीन पर कब्जा, आजम खान ने किया: आकाश...

जौहर यूनिवर्सिटी में सरकारी जमीन पर कब्जा, आजम खान ने किया: आकाश सक्सेना

0
2

रामपुर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई पर भाजपा विधायक आकाश कुमार सक्सेना ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि ईडी ने आजम खान के खिलाफ अजीम नगर थाने में मामला दर्ज किया है। खान ने भ्रष्टाचार के जरिए अपना साम्राज्य खड़ा किया और कथित तौर पर फर्जी कंपनियों के माध्यम से दिखाए गए चंदे में भी धोखाधड़ी हुई। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले की जांच में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आएंगे।

आकाश कुमार सक्सेना ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा कि उन्होंने 2017 से ही इस मामले में शिकायतें शुरू की थीं। शुरुआत से ही उनका आरोप रहा है कि आजम खान द्वारा बनाई गई लगभग 560 एकड़ में फैली जौहर विश्वविद्यालय की जमीन में सरकारी संपत्तियों का बड़ा हिस्सा शामिल है। विश्वविद्यालय के लिए 26 किसानों की जमीन, नदी की जमीन और विभिन्न सरकारी विभागों की जमीनों पर कब्जा किए जाने के आरोप हैं। इस मामले में उनकी शिकायत का मुख्य आधार सरकारी संपत्ति और सरकारी धन का कथित दुरुपयोग रहा है।

सक्सेना ने आरोप लगाया कि आजम खान ने नगर विकास मंत्री रहते हुए अपने करीबी ठेकेदारों को सरकारी ठेके दिलाए। इन ठेकों में कमीशन के रूप में जौहर विश्वविद्यालय को बड़ी मात्रा में चंदा दिया गया। एफआईआर में इस बात का उल्लेख है कि कथित तौर पर मंत्री पद पर रहते हुए सरकारी अधिकारों का दुरुपयोग कर धन एकत्र किया गया। सक्सेना ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ कंपनियां फर्जी थीं और जांच के दौरान उनका संबंध आजम खान से सामने आ सकता है।

भाजपा विधायक ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि आने वाले समय में जांच के माध्यम से मामले से जुड़ी बातें स्पष्ट होंगी और जनता के सामने पूरी जानकारी आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्ति और धन के कथित दुरुपयोग के जरिए बड़ी संपत्ति खड़ी की गई।

जब आकाश कुमार सक्सेना से पूछा गया कि क्या इस मामले में शिकायत उनकी ओर से की गई थी, तो उन्होंने कहा कि यह किसी एक विशिष्ट शिकायत तक सीमित मामला नहीं है। शुरुआत से ही उन्होंने सरकारी संपत्ति और सरकारी धन के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया है।