SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय रांची में किराए के कमरे में मिला बीटेक छात्र का शव, आत्महत्या...

रांची में किराए के कमरे में मिला बीटेक छात्र का शव, आत्महत्या की आशंका

0
4

रांची, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में बुधवार को एक निजी विश्वविद्यालय के बीटेक छात्र का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के पेटो गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई है।

घटना राजाउलातू स्थित झारखंड राय यूनिवर्सिटी के पास की है। पुलिस इसे प्रथमदृष्ट्या आत्महत्या का मामला मान रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि छात्र ने यह कदम क्यों उठाया।

पुलिस के अनुसार, मनीष झारखंड राय यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और विश्वविद्यालय के पास एक किराए के कमरे में रहता था। वह पहले एक अन्य छात्र के साथ रहता था, लेकिन कुछ दिन पहले उसका रूममेट वहां से चला गया था। इसके बाद से मनीष कमरे में अकेला रह रहा था। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई हलचल नहीं होने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ।

इसके बाद कमरे में छात्र का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही नामकुम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। छात्र के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मनीष किन परिस्थितियों में रह रहा था और घटना के पीछे क्या वजह हो सकती है।

इस सिलसिले में उसके दोस्तों और सहपाठियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। रांची में चार दिनों के भीतर इंजीनियरिंग के छात्र की आत्महत्या का यह दूसरा मामला है। इससे पहले रविवार रात भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी), रांची के प्रथम वर्ष के छात्र आदित्य कुमार का शव छात्रावास के कमरे में मिला था।

उस घटना के बाद संस्थान के विद्यार्थियों ने विरोध प्रदर्शन किया था। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति भी गठित की है।