Friday, July 31, 2026
SGSU Advertisement
Home राजनीति झारखंडः भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा आंदोलन पर उतरी, कई...

झारखंडः भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा आंदोलन पर उतरी, कई शहरों में निकाला मशाल जुलूस

0
6

रांची, 31 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ भाजपा ने शुक्रवार को आंदोलन का ऐलान किया है। इस मुद्दे पर शुक्रवार शाम को पार्टी नेताओं-कार्यरर्ताओं ने रांची, जमशेदपुर समेत राज्य के कई शहरों और जिलों में मशाल जुलूस निकाला। पार्टी ने एक अगस्त को राज्य के सभी जिलों में युवा मोर्चा के नेतृत्व में प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया है। मशाल जुलूस के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ नारेबाजी की और छात्रों एवं युवाओं के साथ न्याय की मांग की।

पार्टी नेताओं ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना और कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराना है। इसके पहले शुक्रवार अपराह्न प्रदेश भाजपा महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रदेश कार्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पार्टी छात्रों और युवाओं की न्याय की लड़ाई में मजबूती से उनके साथ खड़ी है। उन्होंने विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, पिछले छह वर्षों में हुई सभी भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने और गड़बड़ियों की जांच फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कराकर दोषियों को जेल भेजने की मांग की।

उन्होंने कांग्रेस से झारखंड सरकार से तत्काल समर्थन वापस लेने और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी की। बाउरी ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार की एजेंसियां वास्तविक दोषियों को बचाने के लिए ‘कवर फायर’ देने वाली संस्था बनकर रह गई हैं। उन्होंने सीआईडी और एसीबी की जांच को ‘आईवॉश’ करार देते हुए कहा कि सरकार हर मामले की जांच को दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि 14वीं जेपीएससी परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा ने लगातार आंदोलन किया।

22 जुलाई को जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया गया, जिसके बाद सीआईडी जांच शुरू हुई। इसके बाद छापेमारी और गिरफ्तारियां हुईं तथा आयोग के अध्यक्ष ने इस्तीफा दिया। हालांकि, भाजपा का मानना है कि यह कार्रवाई पर्याप्त नहीं है और पूरे मामले की सीबीआई जांच जरूरी है। बाउरी ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी सीजीएल, उत्पाद सिपाही और जूनियर इंजीनियर समेत कई भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों के आरोप सामने आए हैं।

उन्होंने कहा कि इन घटनाओं से युवाओं में आक्रोश बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को सड़क से संसद तक उठा रही है। 29 जुलाई को झारखंड के भाजपा सांसदों ने संसद परिसर में प्रदर्शन किया, जबकि 31 जुलाई को मौन आंदोलन किया गया। बाउरी ने कहा कि भाजपा का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच नहीं होती और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती।

–आईएएनएस

एसएनसी/पीएम